रोबोफेस्ट-गुजरात 5.0 का समापन, देशभर से 2,096 टीमों व 10,480 छात्रों ने लिया हिस्सा

0
10

अहमदाबाद, 23 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत गुजरात विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की ओर से आयोजित रोबोफेस्ट-गुजरात 5.0 का सोमवार को समापन हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से कुल 2,096 टीमों और 10,480 छात्रों ने भाग लिया।

गुजरात के वन व पर्यावरण मंत्री अर्जुन मोधवाडिया ने कहा कि विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में गुजरात लीडर बना हुआ है। इसका श्रेय पीएम मोदी को जाता है। नरेंद्र मोदी ने गुजरात विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग वर्ष 2003 में शुरू किया था और वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल साइंटफिक टेंपर को जनता के बीच लेकर जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चे पहले जो खिलौनों से खेलते थे, वे आज रोबोट बना रहे हैं। इसकी हमें काफी खुशी है। अगर गुजरात और देश का यही टेंपर रहा तो रोबोट के क्षेत्र में आने वाले दिनों में हम लीडर बनेंगे। बहुत सारे मॉडल पेश किए गए। इंडस्ट्री, एकेडमी और विद्यार्थी और रिसर्च करने वाले सभी ने हिस्सा लिया। आने वाले दिनों में ये बच्चे नए रोबोटिक प्रोडक्ट दुनिया के सामने रखेंगे।

उन्होंने कहा कि सात वर्गों में लगभग 1038 विद्यार्थियों को प्राइज दिया गया। विकसित भारत और विकसित गुजरात के लिए ये नया दिशा दिखाएंगे। पूरे प्रोग्राम में पांच करोड़ रुपए इनाम की रकम है। सफल आइडिया के लिए 50 हजार दिया गया। जिनका ग्रांड फिनाले में सेलेक्शन हुआ उनका फर्स्ट प्राइज 10 लाख, सेकेंड प्राइज 7.50 लाख और थर्ड प्राइज पांच लाख है। इस प्रोग्राम में लगभग 60 प्रतिशत गुजरात के स्कूल और कॉलेजों का पार्टिशिपेशन है। एनआईटी, आईआईटी, आयसर और स्टेट यूनिवर्सिटी ने भी इसमें हिस्सा लिया।

छात्र नरोत्तम साहू ने कहा कि रोबोफेस्ट-गुजरात 5.0 में आया हूं, इसके लिए धन्यवाद। एप्लीकेशन बेस्ट कैटेगरी में फर्स्ट प्राइज लेकर आए हैं। सिस्टेनिबिलिटी कैटेगरी थी, हमारा एग्रीकल्चरल रोबोट था। हम अभी बीटेक कर रहे हैं। मेरी टीम में चार लोग थे। हम पर भरोसा करने के लिए विश्वविद्यालय को भी धन्यवाद। हमारी नौ महीने की मेहनत सफल हुई है।