प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, अनुग्रह राशि की घोषणा

0
4

नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज इमारत गिरने से हुई दुर्घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी में दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में इमारत गिरने से हुई दुर्घटना से मैं बहुत दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। ईश्वर करें कि घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं।

पीएम मोदी ने कहा कि मृतकों के आश्रितों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर रहा कि जनपद प्रयागराज के कोल्ड स्टोरेज में हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि दोपहर लगभग डेढ़ से दो बजे के बीच सूचना मिली कि फाफामऊ में कोल्ड स्टोरेज की बिल्डिंग ढह गई है। हादसे की जानकारी होते ही सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर की टीम सभी मजिस्ट्रेट और हॉस्पिटल से एंबुलेंस पहुंची। मैं और पुलिस कमिश्नर तत्काल पहुंचे। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। एनडीआरएफ की टीम पहुंचने वाली है। एसडीआरएफ सहित बाकी टीमें अपना काम कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि मलबा हटाया जा रहा है। छह घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। एसआरएन मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज जारी है। अंदर कितने लोग फंसे हैं इसकी सूचना अभी नहीं मिल पा रही है। राहत और बचाव कार्य तेजी से करने की हमारी कोशिश है।

डीएम ने कहा कि अमोनिया का रिसाव कैसे हुआ और इसका कितना प्रभाव हुआ, जांच के बाद इन सारी चीजों का पता चलेगा।

शुरुआती रिपोर्ट्स में अमोनिया गैस पाइप/कूलिंग चैंबर में विस्फोट या रिसाव की वजह से हादसे की बात कही जा रही है। इससे अमोनिया गैस काफी दूरी तक फैल गई, जिससे इलाके में खतरा बढ़ गया है।