जेवर एयरपोर्ट के लोकार्पण की तैयारी पर मंडलायुक्त की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

0
7

गौतमबुद्धनगर, 23 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मेरठ मंडल के मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में एयरपोर्ट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया और अब तक की तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया गया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कार्यक्रम की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। मंडलायुक्त ने मंच, लोकार्पण स्थल और रैली स्थल की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं उच्च मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा, पार्किंग, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, वीआईपी एवं वीवीआईपी मूवमेंट, शटल बस सेवा और आमंत्रण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया।

मंडलायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं, सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और ओडीओपी उत्पादों से संबंधित उच्च गुणवत्ता की वीडियो और फोटो सामग्री प्रदर्शित की जाए। साथ ही कार्यक्रम का व्यापक मीडिया कवरेज सुनिश्चित करने और एक आकर्षक लघु फिल्म तैयार करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि आयोजन की भव्यता को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जा सके।

उन्होंने प्रोटोकॉल के सख्त पालन पर जोर देते हुए कहा कि रैली स्थल, पार्किंग क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर स्पष्ट साइनेज लगाए जाएं, जिनमें पार्किंग नंबर, रूट प्लान, गेट नंबर, कंट्रोल रूम और मेडिकल कैंप की जानकारी शामिल हो। इसके अलावा, एंट्री पॉइंट्स पर सुरक्षा जांच को तेज और सुगम बनाने के लिए माइक्रो पार्किंग प्लान लागू करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में आपातकालीन और आकस्मिक योजनाओं को सक्रिय रखने, सभी मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को पहले से दुरुस्त करने पर भी बल दिया गया।

विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मंडलायुक्त को आश्वस्त किया कि उनके सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा और कार्यक्रम को सफल बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। बैठक में यमुना विकास प्राधिकरण, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।