Monday, August 17, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिल्‍ली के सीमापुरी में पुलिस का एक्शन, हथियार समेत बदमाश गिरफ्तार, चोरी...

दिल्‍ली के सीमापुरी में पुलिस का एक्शन, हथियार समेत बदमाश गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

0
37

नई दिल्‍ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। शाहदरा जिला पुलिस ने अपराध नियंत्रण के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मंगलवार को एक अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है, साथ ही चोरी की स्कूटी (होंडा एक्‍टिवा) और एक चोरी का कैमरा भी बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 23 मार्च को लगभग शाम 4:00 बजे थाना सीमापुरी के स्टाफ हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार, हेड कांस्टेबल चंदन और कांस्टेबल सुनील अपने नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि सीमापुरी गोलचक्कर के पास मीना मार्केट की ओर एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मीना मार्केट के पास सर्विस रोड पर जाल बिछाया। करीब 4:20 बजे एक संदिग्ध युवक स्कूटी पर वहां आता दिखाई दिया, जिसने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों की तत्परता और सतर्कता के चलते उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान दिल्‍ली के सुंदर नगरी निवासी वारिस (19) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटन वाला चाकू बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि जिस स्कूटी पर वह सवार था, वह थाना जगतपुरी क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में मामला दर्ज है।

पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एक चोरी का सीपी प्लस कैमरा भी बरामद किया गया, जिससे थाना सीमापुरी का एक चोरी का मामला सुलझ गया है। इसके अलावा आरोपी ने थाना मौरिस नगर में दर्ज एक झपटमारी के मामले में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि वह पहले भी झपटमारी, सेंधमारी और चोरी के कम से कम तीन मामलों में शामिल रहा है। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय अपराधों की कड़ी को तोड़ने में मदद मिली है। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है और चोरी की अतिरिक्त संपत्ति बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

इसके अलावा, शाहदरा जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना आनंद विहार पुलिस ने आर्म्स एक्ट के दो मामलों को भी सुलझाया है। इस दौरान दो आरोपियों शिवम उर्फ बिलाल (24), निवासी एमसीडी फ्लैट्स, नंद नगरी, और आसिफ (23), निवासी सुंदर नगरी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के कब्जे से एक-एक चाकू बरामद हुआ है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।