बांग्लादेश के पेट्रोल पंपों पर भीड़, सामान्‍य से ज्‍यादा खरीदारी से ईंधन आपूर्ति बाधित

0
13

ढाका, 24 मार्च (आईएएनएस)। बांग्लादेश के बिजली, ऊर्जा और खनिज संसाधन मंत्री इकबाल हसन महमूद ने स्वीकार किया है कि उपभोक्ता मांग में वृद्धि के कारण देश में सामान्य ईंधन आपूर्ति प्रणाली बाधित हो गई है।

मंगलवार को ढाका स्थित सचिवालय में पत्रकारों से बात करते हुए महमूद ने कहा कि यह स्थिति इसलिए बनी है क्योंकि पंपों पर ईंधन सामान्य से अधिक तेजी से खत्म हो रहा है।

यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश (यूएनबी) के अनुसार, उन्होंने कहा, “पहले टैंकर सुबह भरी जाती थीं और पूरे दिन ईंधन बेचने के बाद भी कुछ मात्रा बची रहती थी। अब लंबी कतारों के कारण ईंधन जल्दी खत्म हो जाता है।”

जब उनसे पूछा गया कि लोगों को ईंधन क्यों नहीं मिल रहा है, जबकि उन्होंने पहले कहा था कि कोई कमी नहीं है, तो इकबाल हसन महमूद ने बताया कि सुबह के शुरुआती घंटों में आपूर्ति में देरी के कारण यह समस्या हो रही है।

मंत्री ने कहा, “डिपो से टैंकर भरने और ईंधन को पंपों तक पहुंचाने में समय लगता है। इसलिए सुबह के समय कमी महसूस होती है, लेकिन बाद में ईंधन उपलब्ध हो जाता है।”

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की मांग अचानक बहुत बढ़ गई है, जिससे पहले पूरे दिन में बिकने वाला ईंधन अब कुछ ही घंटों में खत्म हो जाता है।

यूएनबी के अनुसार, उन्होंने आगे कहा, “जब मांग अचानक इतनी बढ़ जाती है, तो स्वाभाविक है कि ईंधन जल्दी खत्म होगा।”

महमूद ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों के पंपों पर इकट्ठा होने से मौजूदा आपूर्ति प्रणाली पर दबाव पड़ रहा है। जब उनसे पूछा गया कि क्या सरकार ईंधन राशनिंग (सीमित आपूर्ति) लागू करेगी, तो उन्होंने कहा, “अभी मैं इस बारे में कुछ नहीं कह सकता।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जरूरत से ज्यादा ईंधन न खरीदें, क्योंकि अधिक मात्रा में खरीदारी से आपूर्ति और बाधित हो सकती है।

बांग्लादेश के प्रमुख दैनिक ‘द डेली स्टार’ के अनुसार, खुलना शहर के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी की खबरें सामने आई हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। बोयरा क्षेत्र के दशपारा निवासी पलाश दास ने बताया कि चार स्टेशनों पर जाने के बावजूद अपनी मोटरसाइकिल के लिए ईंधन नहीं प्राप्त कर सके।