Tuesday, August 18, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘आज की फिल्मों में इमोशन्स गायब हो गए हैं’, इमरान खान ने...

‘आज की फिल्मों में इमोशन्स गायब हो गए हैं’, इमरान खान ने उठाए सवाल

0
23

मुंबई, 25 मार्च (आईएएनएस)। आज के समय में फिल्म इंडस्ट्री तेजी से बदल रही है। हर हफ्ते नई फिल्में रिलीज हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद कई दर्शकों को लगता है कि फिल्मों में पहले जैसी बात नहीं रही। सोशल मीडिया पर भी इस बात को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है कि आज की फिल्मों में मनोरंजन तो है, लेकिन दिल से जुड़ाव कम हो गया है। इसी मुद्दे पर अब अभिनेता इमरान खान ने भी अपनी राय खुलकर रखी है।

इमरान खान ने रेडिट पर आस्क मी एनीथिंग सेशन के दौरान अपने फैंस से बातचीत की। इस बातचीत के दौरान एक फैन ने अपनी राय रखते हुए कहा कि आजकल ज्यादातर फिल्में सिर्फ पैसे कमाने के लिए बनाई जा रही हैं। सीक्वल फिल्मों की भरमार है, जिनका पहले की कहानी से ज्यादा संबंध नहीं होता। हर हफ्ते एक्शन फिल्में आ रही हैं, लेकिन पहले की तरह दिल को सुकून देने वाली फिल्में कम हो गई हैं।

फैन ने इमरान खान से कहा, “आप इस फील-गुड जॉनर के किंग हुआ करते थे; अब दर्शकों को फिर से वैसी ही फिल्मों की जरूरत है। मैं यह सुनकर बहुत एक्साइटेड था कि आप दानिश असलम की ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ के साथ वापसी कर रहे हैं, लेकिन फिल्म की एक भी झलक न देख पाने से काफी निराश हूं।”

इस पर इमरान खान ने जवाब देते हुए फैन का धन्यवाद किया और उसकी बात से सहमति जताई। उन्होंने कहा, “मैं भी मानता हूं कि आज की फिल्मों में भावनात्मक गहराई की कमी है, और यह एक ऐसी चीज है जिस पर ध्यान देने की जरूरत है। फिल्म को बनाते समय खासतौर पर भावनाओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए, जो आज की फिल्मों में कम देखने को मिलती हैं।”

इमरान खान ने आगे अपनी आने वाली फिल्म ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, “यह फिल्म उन कहानियों को दिखाने की कोशिश करेगी, जिनमें सच्चाई, समझ और इंसानियत झलकती है। फिलहाल यह फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन में है और इसे इस साल के आखिर तक रिलीज किया जाएगा। हालांकि, इसकी रिलीज को लेकर आखिरी फैसला नेटफ्लिक्स ही लेगा।”