जब शाहरुख खान ने पहले ही कर दी रणवीर सिंह के बड़े स्टार बनने की भविष्यवाणी

0
17

मुंबई, 28 मार्च (आईएएनएस)। यह कहना गलत नहीं होगा कि साल 2025 और 2026 रणवीर सिंह के नाम रहा। अभिनेता ने बॉक्स ऑफिस को हिलाकर रख दिया।

किसी ने नहीं सोचा था कि साल 2010 में यशराज फिल्म्स की फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ से फिल्मी दुनिया में कदम रखने वाला बिट्टू शर्मा धुरंधर बनकर सिनेमा पर छाने वाला है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि शाहरुख खान ने अभिनेता के अभिनय की परख पहली ही फिल्म में कर दी थी और उसी वक्त कह दिया था कि ‘ये आ गया है, अब हमारा क्या होगा’?

रणवीर सिंह का करियर महज़ एक अभिनेता की शुरुआत नहीं थी, बल्कि पर्दे पर एक ऐसी ऊर्जा का विस्फोट था जिसे हिंदी सिनेमा ने दशकों से महसूस नहीं किया। अभिनेता के एनर्जी लेवल की हमेशा तारीफ होती है, और उन्होंने समय-समय पर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन भी किया, चाहे वह ‘लुटेरा’ में खामोशी से दर्शकों का दिल जीतना हो, या फिर ‘राम-लीला’ और ‘बाजीराव मस्तानी’ से फैंस का दिल धड़काना हो। अभिनेता ने हर किरदार से सिनेमा में अपने कदमों को मजबूती से जमाया है।

रणवीर की इसी प्रतिभा को शाहरुख खान ने उनकी पहली फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ में ही पहचान लिया था। अभिनेता को पहली फिल्म में फिल्मफेयर के बेस्ट डेब्यू एक्टर के अवॉर्ड से नवाजा गया था। स्टेज पर रणवीर किसी बच्चे की तरह अवॉर्ड लेते वक्त रोए थे और फिल्ममेकर यश चोपड़ा और आदित्य चोपड़ा का दिल से धन्यवाद दिया था। अभिनेता के लिए यह बहुत बड़ी बात थी कि अवॉर्ड उन्हें शाहरुख खान के हाथों से मिला था। शाहरुख खान ने भरी स्टेज पर कहा था कि “तू क्यों हो रहा है? अब रोने का समय तो हमारा है क्योंकि हिंदी सिनेमा में तू जो आ गया है, अब पता नहीं, हमारा क्या होगा।”

शाहरुख ने रणवीर को बॉलीवुड का सबसे खूबसूरत और उभरता सितारा कहा था, हालांकि उस वक्त अभिनेता स्टेज पर सिसकते हुए थोड़ा सा हंसने की कोशिश कर रहे थे। रणवीर का करियर “ऐंवई ऐंवई लूट गया” से शुरू होकर अब ‘धुरंधर-2’ के ‘आरी-आरी’ तक सफल मुकाम पर पहुंच गया है, जिसका इंतजार हर अभिनेता अपने फिल्मी करियर में करता है और बहुत कम लोग ही इस मुकाम तक पहुंच पाते हैं।