पटना: अपार्टमेंट से चल रहा था नशे का कारोबार, मादक पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार

0
4

पटना, 28 मार्च (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने नशे के कारोबार के बड़े रैकेट को पकड़ा है। यह नशा का कारोबार एक अपार्टमेंट से चलाया जा रहा था। पुलिस ने इस क्रम में 21 किलोग्राम से ज्यादा मादक पदार्थों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आलमगंज थाना क्षेत्र के ईस्ट ऑफ गांधी सेतु होप रॉयल ग्रीन अपार्टमेंट सोसाइटी एसोसिएशन के एक फ्लैट में कुछ तस्कर नशीला पदार्थ का बड़ा खेप कहीं से लेकर आए हैं।

इसी सूचना के आधार पर पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने पटना सिटी 1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपार्टमेंट की घेराबंदी करते हुए संबंधित फ्लैट में छापेमारी की।

पुलिस को देखते ही वहां उपस्थित दो व्यक्ति भागने लगे, पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया। इस दौरान जब कमरे की तलाशी ली गई, तो वहां से 1.681 किलोग्राम तैयार ब्राउन शुगर एवं नकद 2.15 लाख रुपए और सात मोबाइल बरामद किए गए।

इस मामले में पुलिस ने दो व्यक्तियों को यहां गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान खेमनी चक निवासी जितेंद्र कुमार और नीतीश कुमार के रूप में की गई। इसके बाद जितेंद्र कुमार के निशानदेही पर रामकृष्णानगर थाना अंतर्गत खेमनी चक स्थित हिमाशु प्रभाकर के किराए के मकान के कमरे से एक प्लास्टिक के झोले में 19 किलोग्राम से अधिक स्मैक बनाने का कच्चा पदार्थ (पत्थर एवं पाउडर) और दो छोटे डिजिटल इलेक्ट्रिक तराजू बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने मौके से हथियार, नकदी, सात बैंक के चेक, पासबुक और नशीली दवाएं और इंजेक्शन भी जब्त किए हैं। पुलिस पूरे मामले में गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच में पता चला कि यह गिरोह यूपी से कच्चा पदार्थ मंगाता था और उसे कुरियर या रोड के जरिए पटना लाकर प्रोसेस करता था। गिरोह ने शहर में सप्लाई के लिए 15-20 युवकों को बाकायदा सैलरी पर रखा हुआ था। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।