चेहरे का कालापन दूर करने में फायदेमंद मौसमी फल, जानें कैसे बढ़ेगा नेचुरल ग्लो

0
14

नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। बढ़ते प्रदूषण और तेज धूप से हमारी त्वचा पर गहरा असर पड़ता है। ऐसे में कई लोग महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन उनमें मौजूद केमिकल्स कभी-कभी त्वचा को और नुकसान पहुंचा सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर त्वचा को अंदर से पोषण मिले, तो उसका असर बाहर भी दिखता है।

यही वजह है कि मौसमी फल त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। इनमें मौजूद प्राकृतिक तत्व त्वचा की गहराई तक जाकर उसे साफ करते हैं, मृत कोशिकाओं को हटाते हैं और नई कोशिकाओं के निर्माण में मदद करते हैं। खासतौर पर खट्टे फल, जिनमें विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है, त्वचा को निखारने और दाग-धब्बों को कम करने में मदद करते हैं।

वैज्ञानिक शोध के मुताबिक, विटामिन सी त्वचा में कोलेजन के उत्पादन को बढ़ाता है, जिससे स्किन टाइट और हेल्दी बनी रहती है। गर्मियों के मौसम में मिलने वाला संतरा इस मामले में सबसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन सी त्वचा की टैनिंग को कम करने में मदद करते हैं।

जब त्वचा सूरज की तेज किरणों के संपर्क में आती है, तो उसमें मेलानिन की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे चेहरा काला दिखने लगता है। संतरे में पाए जाने वाले पोषक तत्व धीरे-धीरे त्वचा की रंगत को सुधारता हैं। इसके अलावा, संतरा त्वचा की सफाई भी करता है, जिससे चेहरे पर जमी गंदगी और ऑयल हट जाता है।

विशेषज्ञ बताते हैं कि संतरे के छिलके में भी उतने ही पोषक तत्व होते हैं जितने उसके गूदे में। सूखे छिलकों का पाउडर जब त्वचा पर लगाया जाता है, तो यह एक नेचुरल एक्सफोलिएटर की तरह काम करता है। यह मृत त्वचा को हटाकर नई त्वचा को बाहर लाता है। वहीं, संतरे का रस त्वचा को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। इसमें हल्दी जैसे प्राकृतिक तत्व मिलाने से त्वचा को अतिरिक्त एंटीबैक्टीरियल फायदे मिलते हैं, जिससे पिंपल्स और दाने कम होते हैं।

हालांकि, किसी भी प्राकृतिक चीज का इस्तेमाल संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए। जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करने से त्वचा सूखी हो सकती है। इसलिए हफ्ते में दो से तीन बार ही इस उपाय को करना बेहतर है।