‘अगर कोई और मेरी जगह होता…’, शिव ठाकरे के साथ हाथापाई पर बोले अरबाज पटेल

0
6

मुंबई, 29 मार्च (आईएएनएस)। कलर्स का रियलिटी टीवी शो ‘द 50’ की ट्रॉफी शिव ठाकरे जीत चुके हैं, लेकिन शो में अरबाज पटेल के गेम खेलने के तरीकों को खूब पसंद किया गया।

उनकी और शिव ठाकरे की हाथापाई को लेकर भी सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें हुईं। अब अरबाज पटेल का कहना है कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया और उनकी जगह कोई और होता तो वो भी वही करता।

आईएएनएस से खास बातचीत में शो में अपनी आक्रामक एंट्री के सवाल पर अरबाज पटेल ने कहा, “यह मेरा स्वाभाविक व्यक्तित्व है। मैं जहां भी जाता हूं, लोग अक्सर मुझे बहुत आक्रामक और मजबूत समझते हैं, लेकिन मैं केवल गलत लोगों के प्रति ही आक्रामक होता हूं। अच्छे लोगों के साथ मेरा व्यवहार बहुत अच्छा होता है। इस व्यक्तित्व को बनाने में बहुत मेहनत लगी है। लोग मेरा दबदबा तो देखते हैं, लेकिन इसके पीछे की मेहनत नहीं देखते। मजबूत बनने के लिए सचमुच बहुत मेहनत करनी पड़ती है। मैंने इसके लिए बहुत मेहनत की है।”

उन्होंने आगे कहा, “अगर मेरा खुद का होना मेरे लिए नुकसानदायक साबित होता है, तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मैं बिना किसी डर के अपने मन की बात कहने में विश्वास रखता हूं। अगर इससे मुझे कोई परेशानी होती है, तो भी मैं उसे स्वीकार करता हूं। मुझे बातें मन में रखना पसंद नहीं है। मैं हर बात साफ-साफ कहना और वहीं पर खत्म करना पसंद करता हूं।”

निक्की तंबोली के साथ शो में एंट्री के सवाल पर अरमान का कहना है कि उन्हें कपल के तौर पर ही शो ‘द 50’ में बुलाया गया था। उन्होंने कहा, “हम मीटिंग में साथ-साथ शामिल हुए, और हमारी एंट्री इसी तरह से तय की गई थी। लोगों को हमें साथ देखना अच्छा लगा, इसलिए हमने साथ में एंट्री ली थी।”

द 50 में जीतने के लिए हुई गुटबाजी को लेकर अरबाज का कहना है कि खेल बिना गुटबाजी के पूरा नहीं हो सकता था। शो में एंट्री करने के बाद हमें इसका एहसास हुआ। लेकिन हम दोनों (निक्की) के व्यक्तित्व बहुत सशक्त हैं। वह अपने विचार रखती है, और मैं अपने। कभी-कभी मतभेद होते हैं, लेकिन यह किसी भी खेल में स्वाभाविक है।

पार्टनर के साथ शो में एंट्री के नुकसान के सवाल पर उन्होंने कहा, “मैं इसे कभी नुकसानदायक नहीं कहूंगा। मेरे लिए तो यह हमेशा फायदा ही है। हम एक-दूसरे को मजबूत बनाते हैं। अगर मैं कहीं अटक जाता हूं, तो वह मेरी मदद करती है, और अगर वह अटक जाती है, तो मैं उसकी मदद करता हूं। इसीलिए लोग हमें एक मजबूत जोड़ी कहते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि शो में जब कोई करीबी आता है, तो पहली भावना इमोशनल होती है। उन्हें देखकर सुकून मिलता है। लेकिन खेल चलता रहता है। परिस्थितियां बदल सकती हैं, लेकिन खेल नहीं बदलता।

शिव ठाकरे के साथ हुई हाथापाई पर अरबाज ने कहा, “अगर कोई मेरी जगह होता और अपने साथी को इस तरह रोते हुए देखता, तो वह भी ऐसा ही करता। मैं बीच में इसलिए आया क्योंकि वह बहुत करीब आ रहा था। मेरा इरादा लड़ने का नहीं था, लेकिन उस समय की गरमागरमी में बात बिगड़ गई। जब भी बात हाथापाई तक पहुंचती है, मैं हद नहीं देखता। मैं भावनात्मक रूप से प्रतिक्रिया करता हूं। मैं यह नहीं देखता कि मैं किसी शो में हूं या बाहर। मेरी प्रतिक्रिया हर जगह एक जैसी ही होगी।”

शो में शिव ठाकरे की जीत पर अरबाज ने कहा, “भाग्य है कि वो जीत गए, लेकिन अगर मैं फाइनल तक पहुंचता तो जीतने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता।” निक्की से शादी के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे कुछ समय तक अपने काम पर फोकस करेंगे और उसके बाद ही फैसला लेंगे।