बेथ मूनी की दमदार पारी, ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने वेस्टइंडीज को दूसरे वनडे में 90 रनों से हराया

0
7

सेंट किट्स, 30 मार्च (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने वार्नर पार्क में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 90 रनों से हराया। ऑस्ट्रेलिया से मिले 270 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की पूरी टीम 179 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

ऑस्ट्रेलिया से मिले 270 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज टीम की शुरुआत अच्छी रही। कियाना जोसेफ और कप्तान हेली मैथ्यूज ने मिलकर पहले विकेट के लिए 11.4 ओवर में 57 रन जोड़े। जोसेफ 27 रन बनाकर एश्ले गार्डनर का शिकार बनीं। स्टेफनी टेलर ने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन वह 18 रन बनाने के बाद जॉर्जिया वेयरहम की गेंद पर क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौटीं। डिएंड्रा डॉटिन अपना खाता तक नहीं खोल सकीं और वेयरहम की गेंद पर लिचफील्ड को कैच देकर आउट हुईं।

कप्तान हेली मैथ्यूज 73 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुईं। चिनेल हेनरी भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और 19 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद वेस्टइंडीज ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम 179 रन बनाकर ढेर हो गई। गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एश्ले गार्डनर ने 10 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, जॉर्जिया वेयरहम ने भी सिर्फ 29 रन देकर 3 विकेट निकाले। ताहिला मैक्ग्रा ने 2 और अलाना किंग ने एक विकेट चटकाया।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 7 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 269 रन लगाए। बेथ मूनी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 104 गेंदों का सामना करते हुए 65 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, फोएबे लिचफील्ड ने 46 रनों का योगदान दिया। गेंद से 3 विकेट लेने वालीं वेयरहम ने अंतिम ओवरों में 37 गेंदों पर 39 रनों की अहम पारी भी खेली, जबकि निकोला केरी ने 25 गेंदों में नाबाद 30 और अलाना किंग 26 रन बनाकर नाबाद रहीं। वेस्टइंडीज की ओर से कप्तान हेली मैथ्यूज ने 40 रन देकर 3 विकेट चटकाए, तो एफी फ्लेचर ने 2 विकेट निकाले। दूसरे वनडे में मिली जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने अब सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 103 रनों से हराया था।