Wednesday, May 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय विधायक आरिफ मसूद ने की हिंदू-मुस्लिम एकता की सराहना, भोपाल में रंग...

विधायक आरिफ मसूद ने की हिंदू-मुस्लिम एकता की सराहना, भोपाल में रंग लगाने की घटनाओं पर कार्रवाई की मांग

0
22

भोपाल, 30 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने हिंदुओं और मुसलमानों के बीच सौहार्दपूर्ण व्यवहार की तारीफ की है। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि पुलिस कमिश्नर ने बात करने के लिए मुझे समय दिया। मैंने उनको भोपाल की दो-तीन घटनाओं के बारे में बताया।

उन्होंने बताया कि डीआईजी बांग्ला चौराहे पर रंग लगाने की कोशिश की गई। फिर कालीजी के मंदिर के पास भी रंग लगाने की कोशिश की गई। ऐसी घटनाएं करने के लिए तीन-चार लोग चिन्हित हैं, जो शहर का माहौल लगातार खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। भोपाल के हिंदुओं और मुसलमानों का धन्यवाद, जिन्होंने हम पर और प्रशासन, दोनों पर विश्वास किया।

आरिफ मसूद ने कहा कि हमने लोगों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया था। पब्लिक ने आपस में कोई लड़ाई नहीं की। लोग बहकावे में नहीं आए, जिससे नफरत पनप नहीं पाई, सच्चाई सामने आई। मैंने पुलिस कमिश्नर से तत्काल दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

सावित्री बाई फूले कोचिंग सेंटर को लेकर विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि हम लोग लगभग चार साल से कोचिंग सेंटर चला रहे हैं। हर वर्ष बच्चों की बढ़ोतरी हो रही है। वहां के अध्यापक हमारा साथ दे रहे हैं। सावित्री बाई फूले कोचिंग सेंटर निशुल्क संचालित की जाती है। पांचवीं और आठवीं कक्षा के जिन बच्चों के अच्छ नंबर आए हैं, उनके साथ हम लोग भोजन करेंगे। बच्चों के साथ परिवारवालों को भी बुलाया गया है।

विधायक आरिफ मसूद भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र से दो बार चुने गए हैं। बीते 10 मार्च को सुप्रीम कोर्ट से उनको उस वक्त बड़ी राहत मिली, जब शीर्ष अदालत ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के उस आदेश पर रोक लगाई, जिसमें उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए गए थे।

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान भोपाल पुलिस कमिश्नर को आरिफ मसूद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया गया था।