मिस्र के राष्ट्रपति सिसी की ट्रंप से अपील, ‘कृपया जंग को रोकें, आप ही इसमें सक्षम’

0
7

काहिरा, 30 मार्च (आईएएनएस)। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सिसी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान संघर्ष रोकने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सिर्फ वही जंग रुकवाने में सक्षम हैं।

काहिरा में अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा सम्मेलन 2026 के नौवें संस्करण के उद्घाटन समारोह के दौरान अपने संबोधन में सीसी ने खास अपील की। सीसी ने कहा, “मैं राष्ट्रपति ट्रंप से कहना चाहता हूं कि खाड़ी में हमारे इलाके में जंग को आपके अलावा कोई नहीं रोक सकता। आपसे मानवता और शांति के नाम पर जंग रुकवाने की अपील करता हूं। जानता हूं आप भी शांति पसंद हैं।”

फिर आगे कहा, “मैं आपको, अपनी तरफ से, अपने पूरे क्षेत्र और दुनिया के सभी लोगों की तरफ से एक सीधा मैसेज भेज रहा हूं कि राष्ट्रपति ट्रंप, कृपया जंग रोकने में हमारी मदद करें; आप ऐसा करने में सक्षम हैं।”

अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा सम्मेलन 2026, 30 मार्च से 1 अप्रैल, 2026 तक आयोजित किया गया है।

मिस्र के नेता ने ये अपील ऐसे समय में की है जब मिडिल ईस्ट में ईरान पर यूएस-इजरायल अटैक और अरब खाड़ी देशों पर तेहरान के जवाबी हमलों से संघर्ष बढ़ा है। इस तनाव ने इलाके के एनर्जी फ्लो और सप्लाई चेन में रुकावट डाली है, जिससे तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं और दुनिया भर में महंगाई का दबाव बढ़ रहा है।

राष्ट्रपति अल-सिसी ने कहा कि मौजूदा संघर्ष कोविड-19 महामारी, रूस-यूक्रेन युद्ध और गाजा युद्ध के बाद से इस सेक्टर के लिए सबसे ज्यादा नुकसानदायक है।

उन्होंने इस स्थिति को आधुनिक इतिहास का सबसे बड़ा ऊर्जा संकट बताया, और सप्लाई की कमी और बढ़ती कीमतों के “दोहरे झटके” की चेतावनी दी। उन्होंने कहा इससे ईंधन, खाद और खेती की लागत बढ़ सकती है। इसका सबसे प्रतिकूल प्रभाव विकासशील अर्थव्यवस्थाओं पर पड़ेगा।

अल-सिसी ने कहा, “युद्ध जारी रहने से ग्लोबल अर्थव्यवस्था पर खतरनाक असर पड़ेगा”; उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संघर्षों का नतीजा आखिर में सिर्फ “नुकसान और तबाही” होता है, जिसमें कोई जीतता नहीं है।