Sunday, May 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति तेजस्वी यादव बिहार को बदनाम कर रहे हैं : शाहनवाज हुसैन

तेजस्वी यादव बिहार को बदनाम कर रहे हैं : शाहनवाज हुसैन

0
26

नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल में तेजस्वी यादव चुनाव प्रचार के दौरान बिहार की छवि खराब कर रहे हैं और राज्य को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि तेजस्वी यादव खुद को बिहार से जुड़ा बताते हैं, लेकिन अपने भाषणों में राज्य को गरीब और पिछड़ा दिखाते हैं। बिहार आज तेजी से विकास कर रहा है और सड़क, बिजली, पानी जैसे बुनियादी ढांचे में काफी सुधार हुआ है। इसके साथ ही पर्यटन और खेल के क्षेत्र में भी राज्य आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव हालिया चुनाव में बुरी तरह हार चुके हैं और अब अपनी हार की खीझ निकालने के लिए बिहार के बारे में गलत बातें फैला रहे हैं। उन्होंने सलाह दी कि तेजस्वी को चुनाव प्रचार करना चाहिए, लेकिन बिहार की छवि खराब नहीं करनी चाहिए।

बता दें कि केरल में एक रैली के दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार की तुलना करते हुए कहा कि राज्य को केरल जैसा बनाना है।

इसके अलावा शाहनवाज हुसैन ने असदुद्दीन ओवैसी और हुमायूं कबीर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये नेता हमेशा सांप्रदायिक मुद्दों पर राजनीति करते हैं। पहले बाबरी मस्जिद का मुद्दा उठाया जाता था और अब मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने की बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति से किसी को फायदा नहीं होने वाला।

अवध ओझा और राहुल गांधी को लेकर भी उन्होंने तंज कसा। उन्होंने कहा कि अगर अवध ओझा राहुल गांधी के गुरु बनना चाहते हैं, तो यह उनकी इच्छा हो सकती है, लेकिन राहुल गांधी किसी को अपना गुरु मानते ही नहीं हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक अच्छे शिक्षक के पास पढ़ने के बावजूद कुछ छात्र बार-बार फेल होते हैं, तो इसमें शिक्षक कुछ नहीं कर सकता।

भाजपा प्रवक्ता ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी कई बार ‘फेल’ हो चुके हैं, ऐसे में कोई भी गुरु उन्हें सफल नहीं बना सकता।

केंद्र सरकार के फैसलों पर बोलते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सरकार ने 30 जून 2026 तक महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर कस्टम ड्यूटी माफ कर दी है, जो एक सराहनीय कदम है। जैसे कोरोना काल में देश को संभाला गया था, वैसे ही मौजूदा वैश्विक संकट के दौरान भी सरकार स्थिति को नियंत्रित कर रही है और महंगाई को बढ़ने नहीं दिया गया है।

शाहनवाज हुसैन ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह अफवाह फैलाकर लोगों को गुमराह कर रहा है।