तेजस्वी यादव का दूसरे राज्य में जाकर बिहार को अपमानित करना ठीक नहीं : भाजपा सांसद प्रदीप सिंह

0
8

नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के चुनावी राज्य केरल दौरे पर बिहार को कथित तौर पर पिछड़ा राज्य बताने पर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। इस बीच गुरुवार को भाजपा सांसद प्रदीप सिंह ने तेजस्वी पर निशाना साधा।

भाजपा सांसद प्रदीप सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “तेजस्वी यादव के जब पिता जी राज करते थे, उस समय बिहार पिछड़ा राज्य था। अब बिहार विकसित राज्य बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। अब बिहार में फ्लाईओवर, एयरपोर्ट तेजी से बन रहे हैं। बिहार में विकास की आंधी चल रही है। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 साल से एनडीए की सरकार है। अब बिहार विकसित राज्य की ओर अग्रसर है। यहां पर और भी ज्यादा उद्योग धंधे लगने वाले हैं। प्रदेश की कनेक्टिविटी बढ़ने वाली है।”

उन्होंने तेजस्वी पर तंज कसते हुए कहा, “लालू जी के बेटे को लालू जी के बिहार की याद है। उन्हें झूठ नहीं बोलना चाहिए। बिहार को अपमानित करना ठीक नहीं है। यही कारण है कि चुनावी परिणाम उनके विपरीत आता है। उनके संस्कार और संस्कृति में झूठ बोलना और भ्रम फैलाना है। अपने राज्य के बारे में केरल में जाकर उल्टा-सीधा बोलना गलत है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास हुआ है, और यह अब और भी ज्यादा विकसित होने वाला है।”

मध्य-पूर्व तनाव को लेकर कहा, “लगातार हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते भी हैं और यह सच्चाई भी है कि युद्ध से कोई परिणाम नहीं निकलने वाला है। आज पूरे मध्य-पूर्व की स्थिति खराब है। यह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व का ही परिणाम है कि भारत पर युद्ध का अन्य देशों की तुलना में बहुत ही कम प्रभाव पड़ रहा है। विपक्ष लगातार हाय-तौबा मचाए हुए है कि गैस, पेट्रोल और डीजल नहीं मिल रहा है। विपक्ष ऐसा भ्रम फैलाकर देश को गुमराह करना चाहता है। हमारे प्रधानमंत्री लगातार कहते हैं कि युद्ध कोई समाधान नहीं है। सभी पक्षों को मिलकर बातचीत करनी चाहिए और इसका समाधान निकालना चाहिए।”

उन्होंने चुनावी राज्यों को लेकर कहा, “कांग्रेस का हाल बहुत ही बुरा है। जिन भी राज्यों में चुनाव होता है, उसमें कांग्रेस की क्या स्थिति होती है। राहुल गांधी को देश का मिजाज पढ़ना चाहिए और समझना चाहिए। वे भारत के मिजाज को अभी भी नहीं पढ़े हैं। जब भी वे झूठ बोलते हैं और भ्रम फैलाते हैं, उसका परिणाम उल्टा आता है।”

भाजपा नेता ने बिहार के अगले मुख्यमंत्री के सवाल पर कहा, “यह राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। बिहार में एनडीए की सरकार है, ऐसे में बिहार के मुख्यमंत्री के बारे में नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री तय करेंगे। हमारे यहां कोई नहीं जान सकता कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा। पार्टी का छोटा कार्यकर्ता भी शीर्ष पद पर चला जाता है।”