ईएसआईसी में प्रोफेसर समेत 78 पदों पर आवेदन शुरू, 9 अप्रैल तक फॉर्म भरने का मौका

0
8

रांची, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। अगर आप सरकारी नौकरी की तलाश में जुटे हैं तो आपके लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), रांची ने प्रोफेसर सहित विभिन्न 78 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

ईएसआईसी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) और ऑफलाइन दोनों ही माध्यमों से आवेदन प्रक्रिया 30 मार्च से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

ईएसआईसी ने जिन 78 पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें प्रोफेसर के 10, एसोसिएट प्रोफेसर के 17, असिस्टेंट प्रोफेसर के 9 और सीनियर रेजिडेंट के 42 पद शामिल हैं। वहीं, आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास एनएमसी दिशा-निर्देशों के अनुसार एमबीबीएस/एमडी/एमएस/डीएनबी की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय सालों का अनुभव होना अनिवार्य है।

अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु पद अनुसार 45 से 69 साल के बीच निर्धारित की गई है। वहीं, आरक्षित वर्ग से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य उम्मीदवारों का चयन पर्सनल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 67,700 से 1,23,100 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो जनरल/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 500 रुपए है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/महिला/रक्षा पूर्व सैनिक और दिव्यांग उम्मीदवार को एप्लीकेशन फीस में छूट दी जाएगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईएसआईसी, रांची की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद एप्लीकेशन की फोटो या तो आप दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर मेल कर दें, या रजिस्ट्रेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे दिए गए पते पर डाक करें।