सोल, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया ने कहा है कि उसने इस महीने के लिए लगभग 50 मिलियन वैकल्पिक तेल आपूर्ति सुनिश्चित कर ली है, ताकि मध्य पूर्व से आने वाली आपूर्ति की कमी को पूरा किया जा सके, जो कि हॉर्मुज स्ट्रेट के प्रभावी रूप से बंद होने के कारण बाधित हो गई है।
गुरुवार को सरकारी अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए ऊर्जा आपूर्ति को स्थिर बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास जारी रखने का वादा किया।
योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, सरकार और तेल रिफाइनरियां विभिन्न देशों से वैकल्पिक तेल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं। व्यापार, उद्योग और संसाधन सुरक्षा के उपमंत्री यांग घि-वुक ने नियमित ऊर्जा आपूर्ति ब्रीफिंग में कहा कि सोल सऊदी अरब, ओमान, कजाकिस्तान, अमेरिका और अन्य देशों से संपर्क कर रहा है।
यांग ने बताया कि सामान्य परिस्थितियों में दक्षिण कोरिया को हर महीने लगभग 80 मिलियन बैरल तेल प्राप्त होता है, लेकिन इस महीने के लिए अभी तक लगभग 50 मिलियन बैरल की आपूर्ति अस्थायी रूप से सुनिश्चित की गई है। मई में वैकल्पिक आपूर्ति और बढ़ने की उम्मीद है।
कमी को पूरा करने के लिए सरकार मांग को नियंत्रित कर रही है और निजी कंपनियों के साथ कच्चे तेल के स्वैप सिस्टम के जरिए आपूर्ति में मदद कर रही है। सरकार बाजार पर कड़ी नजर बनाए रखेगी।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से प्राकृतिक गैस के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की योजना के बारे में यांग ने कहा कि इसका दक्षिण कोरिया पर सीमित प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया ने सोल के विदेश मंत्रालय को आश्वस्त किया है कि कोरिया के साथ उसके दीर्घकालिक गैस आपूर्ति अनुबंध में कोई बाधा नहीं आएगी।
उन्होंने आगे कहा कि ऑस्ट्रेलिया शॉर्ट-टर्म स्पॉट अनुबंधों पर नेचुरल गैस के निर्यात पर रोक लगाने की योजना बना रहा है। सोल को देश से लगभग 30,000 से 40,000 टन शॉर्ट-टर्म गैस सप्लाई में रुकावट आ सकती है, जो एक दिन की सप्लाई का सिर्फ आधा है।
इस बीच उद्योग मंत्री किम जंग-क्वान ने मध्य पूर्व संघर्ष के कारण उत्पन्न आपूर्ति बाधाओं के बीच नेफ्था और अन्य पेट्रोकेमिकल सामग्री की आपूर्ति को स्थिर रखने के लिए हर संभव प्रयास करने का वादा किया।
यह बयान उन्होंने संबंधित मंत्रालयों और व्यावसायिक संगठनों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में दिया, जिसमें पेट्रोकेमिकल उत्पादों की आपूर्ति श्रृंखला पर चर्चा की गई।
किम कहा, “नेफ्था उद्योग की एक बुनियादी आवश्यकता है और रोजमर्रा के उत्पादों में उपयोग होने वाला एक प्रमुख कच्चा माल है, इसलिए सरकार स्थिर पेट्रोकेमिकल आपूर्ति श्रृंखला स्थापित करने और लोगों के दैनिक जीवन तथा औद्योगिक गतिविधियों में किसी भी तरह की बाधा को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।”
मंत्री ने यह भी कहा कि बाजार में अनुचित प्रथाओं और भरोसे को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


