पश्चिम बंगाल में इस बार परिवर्तन जरूर होगा: सुवेंदु अधिकारी

0
7

सॉल्ट लेक, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। भवानीपुर एवं नंदीग्राम विधानसभा सीट से चुनावी जीत का दावा कर रहे भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि इस बार बंगाल में परिवर्तन तय है।

उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की शानदार चुनावी सभा हुई। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि बंगाल में इस बार परिवर्तन होगा। भवानीपुर में ममता बनर्जी चुनाव हारेंगी। नंदीग्राम के बाद यह दूसरी बार होगा, जब वह चुनाव हारेंगी।

मालदा विवाद पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन यह बहुत सोच-समझकर की जानी चाहिए, क्योंकि टीएमसी के लोग मुद्दे ढूंढ रहे हैं, उन्हें कोई मुद्दा देना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि एनआईए और सीबीआई वहां जाएगी। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद गिरफ्तारी होनी चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट में एसआईआर को लेकर हुई सुनवाई पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में एसआईआर को लेकर एक टिप्पणी की गई थी। सोशल मीडिया पर देख सकते हैं कि टीएमसी के बड़े नेता, सांसद, मंत्री हर किसी ने किस तरह सुप्रीम कोर्ट को निशाना बनाया। अब तक वे चुनाव आयोग को निशाना बना रहे थे, यह कहते हुए कि वह भाजपा की एक शाखा है। ये लोग मारपीट, दंगा करते हैं, जो सपोर्ट नहीं करता है, वह उनके अनुसार भाजपा का हो जाता है।

सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर से नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि मैंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह उपस्थिति में भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया। इसका उद्देश्य तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के कुशासन, भ्रष्टाचार, आतंक, महिलाओं पर अत्याचार और तुष्टीकरण की राजनीति को समाप्त करना है। भवानीपुरवासियों से हमारा वादा है कि पिछले 15 वर्षों के विफल, भ्रष्ट और अत्याचारी शासन से भवानीपुर तथा पूरे पश्चिम बंगाल को मुक्त कराएंगे। लोगों के मौलिक अधिकार, सुरक्षा और सम्मान वापस लाकर एक सुशासन, शांतिपूर्ण और विकसित भवानीपुर बनाएंगे, यही हमारा संकल्प है। भवानीपुर के लोग बदलाव चाहते हैं, चोरी-भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन चाहते हैं, महिलाओं की सुरक्षा चाहते हैं, युवाओं के लिए रोजगार चाहते हैं, शिक्षा और उद्योग का विकास चाहते हैं, कानून के शासन और आतंक मुक्त माहौल चाहते हैं।