नर्मदा कुंड मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम साय

0
8

रायपुर, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरुवार को रायपुर के नर्मदा कुंड मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान सीएम साय ने मंदिर में पूजा-अर्चना की।

सीएम साय ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज हनुमान जन्मोत्सव है। सबसे पहले मैं छत्तीसगढ़ के सभी लोगों को हनुमान जन्मोत्सव की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि मैंने भगवान हनुमान जी से छत्तीसगढ़ के खुशहाली की प्रार्थना की है। छत्तीसगढ़ में श्री राम का अधिकतर समय वनवास के दौरान बीता था और उनके भक्त का आज जन्मोत्सव है। हम उनसे प्रार्थना करते हैं कि उनकी कृपा हमारे प्रदेश पर बनी रहे।

सीएम ने आगे बताया कि नर्मदा कुंड मंदिर में रामकथा का आयोजन किया जा रहा है। मुझे यहां आकर काफी अच्छा लगा है। यह राम कथा 5 अप्रैल तक चलेगा। आज का दिन बड़ा ही पावन दिन है और ऐसे समय पर हमारा सौभाग्य है कि नर्मदा कुंड पवित्र धाम में आने का मौका मिला। ऐसे धाम में श्री राम कथा का आयोजन हो रहा है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि पवनपुत्र, संकटमोचन, अतुलित बल और अटूट भक्ति के प्रतीक भगवान श्री हनुमान जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं एवं बधाई। भगवान श्री हनुमान जी हम सभी के जीवन में साहस, शक्ति, सेवा और समर्पण का भाव जागृत करें तथा हर संकट से रक्षा करें। उनकी कृपा से आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता का संचार हो, यही कामना है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा कि प्रभु श्रीराम जी के परम भक्त, रुद्रावतार, मारुतिनंदन श्री हनुमान जन्मोत्सव की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। अष्ट सिद्धि एवं नव निधि के दाता श्री हनुमान जी की कृपा सभी पर बनी रहे। संपूर्ण सृष्टि में सुख-शांति व समृद्धि का वास हो, उनसे यही प्रार्थना है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा कि समस्त प्रदेशवासियों को श्री हनुमान जी के जन्मोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।