मोतिहारी शराब कांड पर जीतनराम मांझी बोले-कानून ठीक, लेकिन क्रियान्वयन में कहीं न कहीं गड़बड़ी

0
5

पटना, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब का सेवन करने से कुछ लोगों की मौत का मामला प्रकाश में आया है। शराबबंदी कानून की विफलता को लेकर डबल इंजन सरकार को विपक्ष ने घेरना शुरू कर दिया है।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरते हुए कहा कि मोतिहारी में जहरीली शराब के कारण 4 लोगों की मौत, 6 लोगों की आंखों की रोशनी चले जाना और कई लोगों की हालत गंभीर होना अत्यंत दुखद है। यह घटना एक बार फिर एनडीए सरकार के शराबबंदी कानून की विफलता और उसकी गंभीर खामियों को उजागर करती है।

तेजस्वी यादव के बयान पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि शराबबंदी कानून ठीक है, लेकिन कहीं न कहीं गड़बड़ी अवश्य है। सभी लोगों को सतर्क रहना जरूरी है, तभी यह कानून सफल हो सकता है।

मांझी ने कहा कि सरकार का काम कानून बनाना है, उसका क्रियान्वयन करना आपकी जिम्मेदारी है। हम असफल हैं, इसीलिए इस तरह की घटनाएं होती हैं।

नालंदा घटना पर उन्होंने कहा कि जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संसद में महिला आरक्षण बिल पर विशेष सत्र के संबंध में जीतन राम मांझी ने कहा कि महिलाओं का महत्व आदिकाल से ही रहा है। बीच में कुछ लोगों ने महिलाओं के महत्व को भुला दिया था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हैं कि उनकी सरकार महिलाओं को पुनः महिमामंडित करने का काम कर रही है। इसी क्रम में महिला आरक्षण बिल लाया जा रहा है, जो स्वागत योग्य कदम है।

सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के मामले पर जीतन राम मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपनी इच्छा से यह निर्णय लिया है कि वे राज्यसभा जाएंगे। वे तीन सदनों के सदस्य रह चुके हैं और अब चौथे सदन राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। हर व्यक्ति की इच्छा होती है कि वह चारों सदन का प्रतिनिधित्व करे। नीतीश कुमार 20 वर्ष तक मुख्यमंत्री रहे। राज्यसभा न जाने का जो मलाल उनके मन में था, वह अब पूरा हो गया है। मैं अपनी ओर से उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।