वीजा-मुक्त नीति से ब्रिटेन में बढ़ेगा ‘चीन का आकर्षण’ : ब्रिटिश मीडिया

0
8

बीजिंग, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। ब्रिटिश संगठन ‘फ्रेंड्स ऑफ सोशलिस्ट चाइना’ की वेबसाइट ने हाल ही में संगठन की ब्रिटिश समिति के सचिव डेविड पीटर का एक लेख प्रकाशित किया। इसमें कहा गया है कि चीन द्वारा ब्रिटिश साधारण पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा-मुक्त नीति लागू करने के बाद ब्रिटेन में ‘चीन का आकर्षण’ और तेज होने की उम्मीद है। इससे अधिक लोग चीन की उपलब्धियों को सीधे देखने का अवसर पा सकेंगे।

लेख में बताया गया है कि चीन का इतिहास लगभग 5,000 वर्षों पुराना है और यहां अनेक प्रसिद्ध प्राकृतिक तथा सांस्कृतिक स्थल मौजूद हैं। आज के दौर में आधुनिक सुविधाएं और आकर्षण भी विदेशी पर्यटकों को तेजी से अपनी ओर खींच रहे हैं। उदाहरण के तौर पर, दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत के शनचन शहर में ड्रोन के जरिए भोजन वितरण का अनुभव करना या लोकप्रिय वीडियो गेम ‘ब्लैक मिथ: वुखोंग’ से प्रेरित स्थलों का दौरा करना पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बन रहा है।

लेख के अनुसार, चीन एक आधुनिक, सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यटकों के लिए बेहद अनुकूल देश है। यहां विदेशी पर्यटकों से मिलने वाले अधिकांश लोग मोबाइल फोन के जरिए वास्तविक समय में अनुवाद करने में सक्षम हैं। साथ ही, स्थानीय लोग अक्सर पर्यटकों को अपने साथ सेल्फी लेने के लिए आमंत्रित करते हैं, जिससे एक दोस्ताना माहौल बनता है।

इसके अलावा, दुनिया का सबसे उन्नत हाई-स्पीड रेल नेटवर्क और किफायती, विश्वसनीय घरेलू उड़ानें पर्यटकों को चीन के विविध प्राकृतिक परिदृश्यों और समृद्ध संस्कृति का अनुभव करने का अवसर देती हैं। चीन अंतरराष्ट्रीय यात्रा को और आसान बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। यहां की मोबाइल भुगतान प्रणाली विश्व स्तर पर प्रसिद्ध और बेहद सुविधाजनक है, जबकि शुल्क-मुक्त खरीदारी की प्रक्रिया भी पहले से सरल बना दी गई है।

लेख में यह भी कहा गया है कि चीन में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों की संख्या दुनिया में दूसरे स्थान पर है और इसकी सांस्कृतिक विविधता अत्यंत समृद्ध है। जैसे-जैसे चीन वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है, वैसे-वैसे दुनिया भर के लोगों में इस देश को करीब से देखने की इच्छा भी बढ़ती जा रही है। सौभाग्य से, आज चीन की यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो गई है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)