अधीर रंजन चौधरी के हलफनामे में सामने आई संपत्ति की जानकारी, जानें उन पर कितने मामले दर्ज हैं?

0
1

कोलकाता, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने अपना नामांकन दाखिल किया है। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति का विवरण दिया है, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके पास लगभग 95 हजार रुपए कैश और 22 लाख की कीमत की गाड़ियां हैं।

अधीर रंजन चौधरी ने अपने एफिडेविट में बताया कि उनके पास नकद 94,500 रुपए हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 7,25,000 रुपए नकद हैं। अधीर रंजन चौधरी के अलग-अलग बैंक अकाउंट में 21816.48 रुपए और 2026.09 रुपए जमा हैं। इसके अलावा पार्लियामेंट हाउस ब्रांच, दिल्ली के खाते में 6,18,769.73 रुपए जमा हैं। इस तरह उनके बैंक अकाउंट में लगभग 6.42 लाख रुपए जमा हैं।

उनके पास 22 लाख रुपए की कीमत की गाड़ियां हैं। 27 लाख से अधिक की ज्वेलरी है। इस तरह उनके पास कुल 48 करोड़ रुपए से अधिक की सम्पत्ति है, जबकि उनकी पत्नी के पास 6 करोड़ की अचल संपत्ति है।

अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ 5 एफआईआर दर्ज हैं, जिसमें बेरहमपुर पुलिस स्टेशन में 4 और एक मामला हरिशचंद्रपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज है, जबकि उन पर दर्ज 5 मामलों की सुनवाई कोर्ट में चल रही है, जिसमें लर्नेड चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट, मुर्शिदाबाद, बेरहमपुर में और एक मामले की सुनवाई प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय, मुर्शिदाबाद तथा चांचल, जिला मालदा में चल रही है।

उन पर आपत्तिजनक शब्द, आपराधिक धमकी देना, अवैध सभा करना, सार्वजनिक मार्ग में बाधा डालना, लोक सेवक को कर्तव्य का पालन करने से रोकना, दंगा कराना, हथियारों के साथ दंगा कराना और विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता बढ़ाने वाले बयान देना जैसे मामलों में केस दर्ज हैं।

बता दें कि अधीर रंजन चौधरी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उन्हें बहरामपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने मैदान में उतारा उतारा है।