अम्बेडकर नगर के युवक को जॉर्डन के रास्ते युद्धग्रस्त इजरायल से सकुशल घर वापस लाया गया

0
6

अम्बेडकर नगर, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। इजरायल के संघर्षग्रस्त नेटान्या शहर में फंसे अकबरपुर निवासी अखिलेश कुमार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश व जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की पहल पर जॉर्डन के रास्ते सकुशल वापस लाया गया है। यह घटनाक्रम सीएम योगी के जनता के प्रति मानवीय दृष्टिकोण, जिला प्रशासन अम्बेडकर नगर की संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं अंतरराष्ट्रीय समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।

अखिलेश कुमार इजरायल में रोजगार के लिए गए थे, किन्तु वहां उनके नियोक्ता के असहयोग एवं युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण वह गंभीर मानसिक तनाव में आ गए और उनकी स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वह स्वयं लौटने में असमर्थ हो गए। इस दौरान उनकी पत्नी किरण देवी, निवासी ग्राम हजपुरा, थाना सम्मनपुर, तहसील जलालपुर, ने 25 मार्च को आयोजित जनता दर्शन में उपस्थित होकर जिलाधिकारी अम्बेडकर नगर अनुपम शुक्ला से मिलकर अपने पति की सुरक्षित वापसी हेतु भावनात्मक अपील की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा तत्काल इसकी जानकारी शासन को भेजी गई।

मुख्यमंत्री के उच्चाधिकारियों को अखिलेश की सकुशल वापसी के निर्देश दिए। तब 28 मार्च को इजरायल स्थित भारतीय दूतावास को इस संबंध में औपचारिक पत्र प्रेषित किया गया। इसके साथ ही भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने तेल अवीव स्थित भारतीय राजदूत, वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों, जॉर्डन स्थित भारतीय राजदूत एवं जॉर्डन प्रशासन से निरंतर उच्चस्तरीय समन्वय स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप पूरी प्रक्रिया को तीव्र गति से आगे बढ़ाया गया। इजरायल के हवाई अड्डों के बंद होने के कारण वैकल्पिक रणनीति के तहत 1 अप्रैल को जॉर्डन के वीजा एवं अंतरराष्ट्रीय एयर टिकट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई तथा 2 अप्रैल को अखिलेश कुमार को विशेष वाहन से सुरक्षित तरीके से भारतीय दूतावास, तेल अवीव तक लाया गया, जहां से उन्हें स्थल मार्ग से सुरक्षित रूप से जॉर्डन सीमा तक पहुंचाया गया।

इसके बाद जॉर्डन स्थित भारतीय दूतावास एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से उन्हें अम्मान (जॉर्डन की राजधानी) पहुंचाया गया। वहां से अखिलेश कुमार ने 2 अप्रैल को रात्रि 8:40 बजे रॉयल जॉर्डनियन फ्लाइट पकड़ी और 3 अप्रैल को प्रातः 4:55 बजे सकुशल मुम्बई पहुंच गए। मुंबई हवाई अड्डे पर रॉयल जॉर्डनियन के प्रतिनिधि ऋषभ सिंह ने अखिलेश कुमार को पूरी सहायता उपलब्ध कराई और उन्हें एयर इंडिया स्टाफ के सुपुर्द कर दिया। इसके उपरांत एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-2491 द्वारा अखिलेश कुमार मुंबई से लखनऊ पहुंच गए।

इस दौरान भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा भी समुचित सहयोग प्रदान किया गया। लखनऊ पहुंचने पर अखिलेश कुमार अपने परिजनों से मिले। इसके बाद उन्हें तहसील जलालपुर, जनपद अम्बेडकर नगर स्थित उनके घर तक पहुंचा दिया गया। यह संपूर्ण अभियान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के त्वरित एवं मानवीय हस्तक्षेप, जिला प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली, केंद्र सरकार एवं अंतरराष्ट्रीय मिशनों के प्रभावी समन्वय तथा इज़राइल एवं जॉर्डन में भारतीय राजदूतों, वाणिज्य अधिकारियों एवं राजनयिक तंत्र के सक्रिय सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है।

जिलाधिकारी ने इस सफल अभियान में सहयोग के लिए उत्तर प्रदेश शासन, भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, इज़राइल एवं जॉर्डन स्थित भारतीय दूतावासों, राजनयिक अधिकारियों, जॉर्डन प्रशासन, एयरलाइंस (रॉयल जॉर्डनियन एवं एयर इंडिया), भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) एवं सभी संबंधित अधिकारियों का हार्दिक आभार जताया है।

अखिलेश कुमार ने शनिवार को अपनी पत्नी किरण देवी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने भावुक होकर जिला प्रशासन एवं शासन के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। अखिलेश कुमार ने कहा कि मैं अपने जीवन के अत्यंत कठिन और असहाय दौर से गुजर रहा था, जहां हर उम्मीद धुंधली होती जा रही थी। ऐसे समय में प्रदेश सरकार व जिलाधिकारी के निरंतर प्रयासों के कारण ही आज मैं सुरक्षित अपने परिवार के बीच उपस्थित हूं। इसके लिए मैं उनका आभारी हूं।

किरण देवी ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि जनता दर्शन में मेरी एक अपील को जिलाधिकारी महोदय ने जिस गंभीरता व प्राथमिकता से लिया, वह मेरे लिए आशा की किरण बना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप्र शासन, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, उप जिलाधिकारी/अधिशासी अधिकारी अकबरपुर विशाल सारस्वत सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों से ही मेरे पति सकुशल घर वापस लौट सके हैं।

अखिलेश कुमार अब सकुशल अपने परिवार के साथ अम्बेडकर नगर के ग्राम हाजपुरा, तहसील जलालपुर पहुंच चुके हैं। खुशी का माहौल है। यह सफल अभियान योगी सरकार की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करने वाली सोच, जिलाधिकारी की त्वरित एवं मानवीय पहल, जिला प्रशासन की सक्रियता तथा केंद्र सरकार एवं अंतरराष्ट्रीय राजनयिक तंत्र के प्रभावी समन्वय का उत्तम उदाहरण है।