पश्चिम एशिया संकट को लेकर पीएम मोदी का रवैया सराहनीय : अश्विनी कुमार

0
8

गुरदासपुर, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने दुनियाभर में शांति की अपील की। साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए विपक्ष से सरकार का साथ देने की अपील की।

अश्विनी कुमार ने आईएएनएस से कहा कि ईरान में जारी युद्ध जटिल परिस्थितियों में चल रहा है। किसी और देश की ओर से इस युद्ध को खत्म करना नामुमकिन है। इन जटिल समस्याओं में पीएम मोदी और भारत का योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने बार-बार सभी देशों से अपील की है कि इस युद्ध को खत्म करें। कोई तीसरा देश ज्यादा से ज्यादा अपील ही कर सकता है।

उन्होंने कहा कि ये इस बात का संकेत है कि भारत की आवाज सुनी जा रही है। अमेरिका-इजरायल और ईरान तीनों देशों के साथ भारत ने अपने संबंध सहज बनाने की कोशिश की है। कुछ हद तक हमको कामयाबी भी मिली है क्योंकि हॉर्मुज के रास्ते हमारी तेल और गैस की सप्लाई हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर भारत को विश्व गुरू का दर्जा प्राप्त करने के एहसास को बढ़ाना है तो विश्व में शांति दूत बनकर उभरना होगा।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से विपक्ष सत्ता पक्ष से उम्मीद करती है कि उनकी को सुना जाए, उसी तरह विपक्ष का ये दायित्व और जिम्मेदारी है कि देश की नीति और राष्ट्र की सुरक्षा नीति को लेकर सरकार के विवेक पर भरोसा करे और सरकार को समर्थन दे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर राहुल गांधी को लेकर उन्होंने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि विपक्षी पार्टी इस बात का ख्याल रखेगी कि इस तरह की स्थितियों में सरकार के फैसले पर समर्थन करना चाहिए।

बता दें कि पश्चिम एशिया में जारी तनावों के बीच पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शनिवार को बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि अब पांच किलो एलपीजी सिलेंडर खरीदने के लिए एड्रेस प्रूफ की जरूरत नहीं होगी।