Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिल्ली में एलपीजी संकट की अफवाहें खारिज, सरकार बोली- आपूर्ति पूरी तरह...

दिल्ली में एलपीजी संकट की अफवाहें खारिज, सरकार बोली- आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

0
19

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एलपीजी आपूर्ति को लेकर संकट की खबरों के बीच सरकार ने स्थिति को पूरी तरह से सामान्य बताते हुए दावा किया कि स्थिति नियंत्रण में है।

दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक पोस्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि राजधानी में एलपीजी की कहीं भी कोई कमी नहीं है। साथ ही, सरकार ने यह भी बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

सरकार ने यह भी बताया कि इस कार्रवाई के तहत शनिवार को दिल्ली के 22 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई और एक एफआईआर भी दर्ज की गई है। सरकार ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। एलपीजी की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है और सिलेंडरों की समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। किसी भी शिकायत या सूचना के लिए लोग 011-23379836 और 8383824659 पर संपर्क कर सकते हैं।

दिल्ली सीएमओ ने एक्स पोस्ट में लिखा, “दिल्ली में एलपीजी की आपूर्ति पूर्णतः स्थिर है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इसके तहत आज 22 स्थानों पर छापेमारी की गई है और एक एफआईआर दर्ज की गई है। निगरानी लगातार जारी है। जनता से अनुरोध है कि घबराहट में अनावश्यक भीड़ न लगाएं। एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और सिलेंडर की समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। किसी भी शिकायत या सूचना के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 011-23379836 और 8383824659 पर संपर्क किया जा सकता है।”