नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के पहले दलित उप-प्रधानमंत्री रहे बाबू जगजीवन राम की रविवार को जयंती है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उन्होंने श्रद्धांजलि दी। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि उनका संघर्ष हमें सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “सामाजिक न्याय के पुरोधा बाबू जगजीवन राम जी की जयंती पर सादर नमन। जगजीवन बाबू ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा व सामाजिक न्याय के लिए समर्पित किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अभूतपूर्व योगदान दिया और धर्मांतरण का विरोध करते हुए विभाजनकारी शक्तियों का डटकर सामना किया। समाज के कमजोर व वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष हमें सदैव प्रेरणा देता रहेगा।”
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “गरीब, वंचित और पीड़ित जनों के अधिकारों के लिए हमेशा संघर्षरत रहे महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल प्रशासक बाबू जगजीवन राम की जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन।”
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “सामाजिक समरसता के अग्रदूत एवं स्वतंत्रता सेनानी तथा पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती पर उन्हें सादर नमन। जनसेवा को लेकर उनका समर्पण भाव और सामाजिक न्याय के लिए उनकी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्त्रोत एवं अनुकरणीय रहेगी।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “महान स्वतंत्रता सेनानी, सामाजिक न्याय के पुरोधा, पूर्व उप प्रधानमंत्री, जननेता बाबू जगजीवन राम की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने जीवन में समाज के वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती दी और समान अवसर व सामाजिक समरसता के लिए निरंतर संघर्ष किया। उनका जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलते हुए समाज को और अधिक न्यायपूर्ण बनाया जा सकता है।”
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व उप प्रधानमंत्री, श्रद्धेय बाबू जगजीवन राम की जयंती पर कोटि-कोटि नमन करता हूं। गरीब, कमजोर व शोषित वर्ग के उत्थान हेतु उन्होंने आवाज उठाई और उनके कल्याण के प्रयासों में जीवन समर्पित कर दिया।”


