Thursday, August 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति स्वास्थ्य सेवाओं को पर्वतीय जिलों तक मजबूत करने का संकल्प: सुबोध उनियाल

स्वास्थ्य सेवाओं को पर्वतीय जिलों तक मजबूत करने का संकल्प: सुबोध उनियाल

0
28

टिहरी, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने रविवार को टिहरी का दौरा किया। इस दौरान वह ‘प्रेस क्लब न्यू टिहरी’ द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ा बयान दिया।

सुबोध उनियाल ने कहा कि उन्हें विभाग संभाले अभी कुछ ही दिन हुए हैं, इसलिए विस्तृत समीक्षा जारी है, लेकिन उनका प्राथमिक लक्ष्य पर्वतीय जिलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने केंद्र सरकार की ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’ योजना के तहत टिहरी, उत्तरकाशी और अन्य पर्वतीय जिलों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने पर काम करने की बात कही।

मंत्री ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति को सुधारने के लिए सरकार डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, अस्पतालों को सशक्त बनाने और रेफरल सिस्टम को बेहतर करने पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी और यदि दवाइयां उपलब्ध नहीं होंगी तो मरीजों को लोकल पर्चेज के माध्यम से दवाइयां उपलब्ध कराकर उनका भुगतान किया जाएगा, ताकि आम जनता को परेशानी न हो।

डॉक्टरों की कमी को गंभीर चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पहाड़ी क्षेत्रों में सेवा देने वाले डॉक्टरों के लिए अतिरिक्त वेतन का प्रावधान किया है। साथ ही, छह महीने के रोटेशन सिस्टम के जरिए डॉक्टरों की तैनाती की योजना बनाई जा रही है, ताकि सालभर स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से चल सकें। इसके अलावा टेलीमेडिसिन और डिजिटल कनेक्टिविटी के माध्यम से ब्लॉक स्तर तक स्वास्थ्य सेवाओं को जोड़ने की योजना पर भी काम हो रहा है।

मंत्री ने आगे कहा कि सरकार का लक्ष्य पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर इलाज मिल सके।