आईपीएल 2026: पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में केकेआर का हौसला बढ़ाने पहुंचे हर्षित राणा

0
7

कोलकाता, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अपने शुरुआती दो मैच गंवा चुकी है। केकेआर के चोटिल सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर हर्षित राणा कोलकाता पहुंचे हैं, ताकि सोमवार शाम ईडन गार्डन्स में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ मुकाबले से पहले फ्रेंचाइजी का हौसला बढ़ा सकें।

तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करते हुए बताया कि यह युवा खिलाड़ी यहां सिर्फ टीम का हौसला बढ़ाने और अपने केकेआर साथियों के साथ समय बिताने आया है। फ्रेंचाइजी ने राणा की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “देखो, आज रात नाइट्स का हौसला बढ़ाने कौन आया है। हर्षित राणा कोलकाता में हैं, अपनी केकेआर फैमिली के साथ एक दिन बिताने के लिए।”

हर्षित राणा को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप मैच के दौरान दाहिने घुटने में लिगामेंट में खिंचाव आ गया था। उनके स्थान पर मोहम्मद सिराज को टी20 वर्ल्ड कप टीम में चुना गया था। फरवरी में राणा के घुटने की सर्जरी हुई थी, जिसके चलते वह आईपीएल 2026 से बाहर हो गए। उनके स्थान पर केकेआर ने भारत के तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को टीम में शामिल किया था।

हर्षित राणा को पिछले महीने नई दिल्ली में बीसीसीआई अवॉर्ड्स में ‘बेस्ट मेंस इंटरनेशनल डेब्यूटांट’ का अवॉर्ड मिला था। वह बैसाखियों के सहारे इस समारोह में शामिल हुए थे, और आईपीएल चेयरमैन अरुण सिंह धूमल ने मंच से नीचे उतरकर उन्हें यह अवॉर्ड दिया था।

इस मुकाबले में राणा की मौजूदगी केकेआर के खेमे में जोश बढ़ाने का काम करेगी। कोलकाता नाइट राइडर्स को अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने इस टीम को 65 रन से मात दी।

केकेआर की टीम फिलहाल आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है। सोमवार को ईडन गार्डन्स में इस टीम का सामना श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स से है। हालांकि, इस मैच के दौरान खराब मौसम चिंता का विषय बना हुआ है। मैच के दौरान गरज के साथ बारिश का अनुमान है, जिससे मुकाबले में रुकावट आने की आशंका बढ़ गई है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली केकेआर इस मैच को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में अपना खाता खोलना चाहेगी।