पटना, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाजपा पर दिए विवादित बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान का कोई मतलब नहीं होता है।
पटना में मंत्री अशोक चौधरी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि लगता है कि खड़गे की उम्र हो चली है। यह उन्हें क्या हो गया है? एक वरिष्ठ नेता इस तरह की बयानबाजी करते हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लाए जा रहे प्रस्ताव को संसद के दोनों सदनों में खारिज होने पर अशोक चौधरी ने कहा कि यह जाहिर तौर पर खारिज ही होना था। यह बिल्कुल बेतुकी बात है। वे यूं ही मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नोटिस नहीं ला सकते। यह निश्चित रूप से खारिज ही होना था।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पहलगाम वाले बयान पर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि वह पागल हो गई हैं। क्या पहलगाम हमला भाजपा ने करवाया था? इस तरह के बयान देकर वह क्या साबित करना चाहती हैं?
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को इस मामले को देखना चाहिए। लोग अपनी मर्जी से बयान दे रहे हैं। पहलगाम कहां है और कोलकाता कहां है?
यूसीसी को लेकर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि हम समान नागरिक संहिता का समर्थन करते हैं, क्योंकि देश में सभी के लिए एक ही कानून होना चाहिए। धर्म या जाति की परवाह किए बिना सभी को आगे बढ़ने के लिए समान अधिकार और समान अवसर मिलने चाहिए। साथ ही, ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ भी होना चाहिए। कई राज्यों में चुनाव होने से हर कोई चुनावी प्रक्रिया में ही उलझा रहता है। अगर हम एक बड़ी वैश्विक अर्थव्यवस्था बनना चाहते हैं तो हमें विकास पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं, सभी राजनीतिक दल उसी में व्यस्त हैं। साल भर चुनाव में रहेंगे तो विकास कैसे होगा, इसीलिए, ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ होना चाहिए।

