भारत हमेशा से शांति और संवाद का पक्षधर रहा : दिलीप जायसवाल

0
12

पटना, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू राजनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भारत की शांति नीति, चुनावी पारदर्शिता और केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से बात की है।

बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “भारत हमेशा से शांति और संवाद का पक्षधर रहा है। यह संघर्ष विराम वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव को कम करेगा और पश्चिमी देशों में उत्पन्न आर्थिक व सामाजिक संकट पर भी नियंत्रण लगेगा। युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ता है, इसलिए ऐसे किसी भी कदम का स्वागत किया जाना चाहिए जो स्थिरता और राहत लाए।”

उन्होंने कहा कि इस युद्ध से पूरे विश्व को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, अब शांति और संवाद होने से सभी देशों के लिए अच्छा रहेगा।

पश्चिम बंगाल चुनाव पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि 90 लाख से ज्यादा मतदाताओं से जुड़े कथित जातिवाद के आरोप पूरी तरह से गलत हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा जारी सूची पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत तैयार की गई है और इसे जारी करने से पहले देश की सर्वोच्च न्यायिक संस्था द्वारा भी इसकी जांच की गई है।

उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास कोई सही जानकारी या साक्ष्य नहीं है। यह कोई नई बात नहीं है, इस तरह का बयान कई बार उन्होंने दिया है। इसका जवाब आने वाले समय में जनता देने वाली है।

इसके अलावा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी उन्होंने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपने पूर्वजों जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के फैसलों पर विचार करना चाहिए और यह समझना चाहिए कि अतीत में लिए गए निर्णयों का देश पर क्या प्रभाव पड़ा।

राज्य की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा की शपथ प्रक्रिया पूरी करेंगे और दिल्ली में एनडीए की बैठक के बाद बिहार की आगामी रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे लगातार शराबबंदी और अपराध जैसे मुद्दों को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश करते हैं।