Sunday, May 31, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय एनसीआर में फिलहाल मौसम में नहीं होगा बदलाव, वायु गुणवत्ता सूचकांक भी...

एनसीआर में फिलहाल मौसम में नहीं होगा बदलाव, वायु गुणवत्ता सूचकांक भी सुधरा

0
32

नोएडा, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र एनसीआर में फिलहाल मौसम के मिजाज में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। अगले एक सप्ताह तक आसमान में हल्के बादलों के बीच सूरज की लुकाछिपी जारी रहने की संभावना जताई गई है।

दिन में धूप और बादलों का यह मिश्रण लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर देगा, वहीं सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक का एहसास भी बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में आई गिरावट के कारण लोगों को मार्च के शुरुआती दिनों जैसा मौसम महसूस हो रहा है। तापमान में यह गिरावट अस्थायी राहत लेकर आई है, जिससे भीषण गर्मी की शुरुआत फिलहाल टलती नजर आ रही है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और हल्की हवाओं के कारण हो रहा है, जिससे तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे बना हुआ है। अगर तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी, लेकिन तेज लू जैसी स्थिति फिलहाल नहीं बनने की संभावना है।

वहीं, रात के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा। वहीं दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) भी फिलहाल संतोषजनक श्रेणी में बना हुआ है। विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई 80 से 110 के बीच दर्ज किया गया है, जो ‘मध्यम’ से ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, यह स्तर स्वास्थ्य के लिहाज से फिलहाल ठीक माना जा रहा है, हालांकि संवेदनशील वर्गों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम में स्थिरता और हल्की हवाओं के कारण प्रदूषण स्तर नियंत्रित बना हुआ है। यदि तेज हवाएं या बारिश होती है तो एक्यूआई में और सुधार संभव है। फिलहाल, आने वाले दिनों में मौसम के इसी तरह बने रहने और लोगों को राहत देने की उम्मीद जताई जा रही है।

–आईएएनएस

पीकेटी/पीएम