मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अंजना सिंह जल्द ही अपनी आगामी फिल्म ‘लेडी बॉक्सर’ में बॉक्सिंग रिंग में नजर आएंगी। इस फिल्म में अंजना सिंह एक मजबूत और बहादुर महिला बॉक्सर के किरदार में दिखेंगी।
गुरुवार को अंजना ने फिल्म की शूटिंग का बीटीएस वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में अंजना अपनी पूरी टीम के साथ बहुत मस्ती करते हुए नजर आ रही हैं। पारंपरिक साड़ी लुक में अंजना हाथों में बॉक्सिंग ग्लव्स पहने हुए हैं। टीम के बाकी सदस्य भी उनके साथ मजे में ग्लव्स पहने हुए हैं और एक-दूसरे के साथ हल्की-फुल्की बॉक्सिंग कर रहे हैं।
अंजना ने टीम को अपना परिवार बताते हुए लिखा, “प्यार, हंसी, वफादारी, बस यही सब हमें चाहिए। दोस्त ही परिवार जैसे होते हैं।”
अभिनेत्री भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान रखती हैं। उन्होंने अब तक कई हिट फिल्मों में काम किया है। आमतौर पर अभिनेत्री पारिवारिक ड्रामा फिल्मों में बहू के रोल में देखने को मिलती हैं लेकिन इस फिल्म में उनका लुक थोड़ा सा अलग देखने को मिलेगा। फिल्म ‘लेडी बॉक्सर’ में वे मुक्के बरसाती नजर आएंगी। यह फिल्म एक्शन और इमोशन से भरी होने वाली है।
संतोष जोशी द्वारा निर्देशित फिल्म का लेखन सत्येंद्र सिंह ने किया है जबकि रवि तिवारी फिल्म के मुख्य सहायक निदेशक हैं। संदीप सिंह और अथर्व सिंह फिल्म के निर्माता हैं। फिल्म में अंजना सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। हालांकि, फिल्म से जुड़ी बाकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
भोजपुरी सिनेमा इन दिनों नई कहानियों और सशक्त महिला किरदारों की ओर बढ़ रहा है। ‘लेडी बॉक्सर’ इसी दिशा में एक अच्छा कदम है। इसकी शूटिंग आजमगढ़ में हो रही थी।
अभिनेत्री की कुछ फिल्में रिलीज हो चुकी हैं, तो कुछ रिलीज के लिए बाकी है। अभी हाल ही में अंजना पारिवारिक ड्रामा फिल्म ‘किसान बहुरिया’ में नजर आई थीं। ये फिल्म टेलीविजन और यूट्यूब दोनों पर प्रसारित हुई थी और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया था।
किसान बहुरिया एक ऐसी महिला पर केंद्रित है जो पति की मानसिक हालत खराब होने और घर की स्थिति को ठीक करने के लिए खेती करती है।

