पटना, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि उन्होंने सभी क्षेत्रों में अच्छा कार्य किया है।
पटना में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार की सबसे अच्छी बात यह थी कि वे सभी जाति और धर्म को एक साथ लेकर चलते थे। उन्होंने किसी एक जाति विशेष पर कभी राजनीति नहीं की।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से अब लोगों में यह भय दिख रहा है कि कुछ जातियों को टारगेट किया जा सकता है। अब नए सीएम के कार्यकाल में देखतें हैं कि क्या होता है।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि अभी तक राज्यसभा में सदस्य के तौर पर शपथ लेने के संबंध में सीएम नीतीश कुमार का स्टेटमेंट नहीं आया है। मुझे लगता है कि कुछ न कुछ दबाव की राजनीति हो रही है, वैसे भी नीतीश कुमार को समझना सभी के बस की बात नहीं है। राज्यसभा में अगर उन्होंने जाने का प्लान बना लिया है तो देखते हैं आगे क्या होता है।
उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार का कार्यकाल शानदार रहा है, 2005 से 2010 तक अच्छा रहा, इसी कार्यकाल को उन्होंने आगे बढ़ाया। सीएम ने हर क्षेत्र में काम किया है।
नेपाल के पीएम का जिक्र करते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा कि नेपाल एक छोटा देश है और वह दूसरे देशों पर निर्भर रहता है। नेपाल के प्रधानमंत्री ने प्राइवेट शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया है। यह चीज हमारे देश के नेताओं को सीखनी चाहिए। उन्होंने अच्छी पहल की है। सोशल मीडिया पर आपने देखा होगा कि हमारे यहां प्राइवेट स्कूलों के रवैये से अभिभावक परेशान हैं। फीस लगातार बढ़ती जा रही है, किताबें मनमानी कीमतों पर बेची जाती हैं। मनमानी चल रही है, इस पर एक पहल होनी चाहिए।।
महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस विधायक ने कहा कि यह सच्चाई है कि बिहार में आरक्षण बहुत महत्वपूर्ण है। आरक्षण नहीं होता तो आज हमारे जैसे लोग यहां तक नहीं पहुंच पाते। हम ओबीसी समाज से आते हैं। उसी तरह महिलाओं का भी आरक्षण होना बहुत जरूरी है। जब तक आरक्षण नहीं होगा, तब तक जो सबसे निचले पायदान पर लोग हैं, उनकी भी हिस्सेदारी सुनिश्चित नहीं हो पाएगी। यह एक अच्छी पहल है, लेकिन हम चाहेंगे कि जो 33 फीसदी की बात हो रही है, उसे 50 फीसदी किया जाए।

