प्रीमियर लीग: आर्सेनल को बड़ी राहत, बोर्नमाउथ के खिलाफ मैच से पहले ट्रेनिंग पर लौटे एजे

0
9

लंदन, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। नॉर्थ लंदन क्लब आर्सेनल को बोर्नमाउथ के खिलाफ आगामी प्रीमियर लीग मुकाबले से पहले बड़ी राहत मिली है। टीम के टॉप खिलाड़ी एबेरेची एजे ट्रेनिंग पर लौट आए हैं। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला शनिवार को एमिरेट्स स्टेडियम में खेला जाएगा।

एबेरेची एजे को मार्च महीने के लिए आर्सेनल का ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना गया था, मगर यह अटैकिंग मिडफील्डर पिछले कुछ हफ्तों से चोट के कारण टीम से बाहर था। बायर लेवरकुसेन पर जीत के बाद उन्हें पिंडली में चोट लगी थी।

टीम को एबेरेची की गैरमौजूदगी में तीन मैच खेलने पड़े थे, जिसमें मैनचेस्टर सिटी के हाथों काराबाओ कप फाइनल में मिली हार और बुधवार को यूईएफए चैंपियंस लीग क्वार्टर-फाइनल में स्पोर्टिंग सीपी पर मिली करीबी जीत शामिल है।

गुरुवार को शोभा रियल्टी ट्रेनिंग सेंटर में ट्रेनिंग सेशन के दौरान एजे टीम के साथ वापस नजर आए, जिससे संकेत मिलता है कि इस वीकेंड जब आर्सेनल बोर्नमाउथ की मेजबानी करेगी, तो वह टीम में चयन के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।

27 वर्षीय खिलाड़ी की वापसी से आर्सेनल की कुछ मुश्किलें कम होने की उम्मीद है, खासकर तब जब कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड पूरी तरह से फिट नहीं हैं। ओडेगार्ड को हाल ही में स्पोर्टिंग पर मिली जीत के दौरान हल्की चोट लग गई थी। संभावना है कि वह बोर्नमाउथ के खिलाफ अगला मैच नहीं खेल पाएंगे।

इस बीच, बुकायो साका, जुरियन टिम्बर और रिकार्डो कैलाफियोरी सहित कई फर्स्ट-टीम खिलाड़ी ट्रेनिंग में नजर नहीं आए। साका पिछले दो मैच नहीं खेल पाए हैं, जबकि टिम्बर मार्च के मध्य से ही टीम से बाहर हैं।

एजे की वापसी ऐसे समय में हुई है जब वह शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। इसी फॉर्म की बदौलत उन्होंने इस सीजन में दूसरी बार आर्सेनल का ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड जीता है। इससे पहले नवंबर में भी उन्हें यह सम्मान मिला था।

मार्च महीने में अलग-अलग टूर्नामेंट्स में आर्सेनल की सफलता में उनके प्रदर्शन की अहम भूमिका रही। उन्होंने यूरोप में बायर लेवरकुसेन के खिलाफ एक शानदार लॉन्ग-रेंज गोल किया, जिससे टीम क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही। इसके अलावा, एफए कप के एक मुकाबले में मैनसफील्ड टाउन के खिलाफ उसने बेंच से आकर एक निर्णायक गोल भी दागा। प्रीमियर लीग में, मार्च महीने के दौरान एजे ने हर मिनट मैदान पर बिताया। इस दौरान आर्सेनल ने लगातार तीन जीत दर्ज कीं, जिससे प्वाइंट्स टेबल में उसकी शीर्ष स्थिति और भी मजबूत हो गई।