कोलकाता, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 15वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। इस मुकाबले के साथ मेजबान केकेआर जीत का खाता खोलना चाहेगी।
ऋषभ पंत की कप्तानी में एलएसजी की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं है। वहीं, केकेआर एक बदलाव के साथ उतरी है। ब्लेसिंग मुजरबानी के स्थान पर सुनील नरेन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है।
टॉस जीतने के बाद एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करना चाहेंगे। हम विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाना चाहते हैं। हमें अपने गेंदबाजों पर भरोसा है, वे अपना काम बखूबी करेंगे। निश्चित रूप से, जीत से टीम का माहौल और भी बेहतर हो जाता है। हम उसी टीम के साथ खेल रहे हैं।”
वहीं, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, “हम भी गेंदबाजी करना चाहते थे। प्लेइंग इलेवन में सुनील (नरेन) आए हैं। वरुण अभी भी अपने हाथ की चोट से उबर रहे हैं। जब कैमरून ग्रीन बॉलिंग करते हैं, तो हमारे पास एक एक्स्ट्रा बॉलर होता है।”
कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस सीजन अब तक 3 मुकाबले खेले हैं। इस टीम को अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 65 रन से जीत दर्ज की। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ मुकाबला बारिश के चलते बेनतीजा रहा, जिसके साथ दोनों टीमों के बीच 1-1 अंक बांटा गया। यह टीम प्वाइंट्स टेबल में 9वें पायदान पर मौजूद है।
दूसरी तरफ, एलएसजी 2 में से एक मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में सातवें पायदान पर मौजूद है। इस टीम ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के विरुद्ध अपना पहला मैच 6 विकेट से गंवाया था, जिसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 5 विकेट से मुकाबला जीतकर खाता खोला।
लखनऊ सुपर जाइंट्स की प्लेइंग इलेवन: मिशेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, एम सिद्धार्थ, अवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश राठी और प्रिंस यादव।
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी और कार्तिक त्यागी।

