Saturday, June 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राज्य बिजली उपभोक्‍ता स्‍मार्ट मीटर को अपनाएं और बिजली बिल में बचत की...

बिजली उपभोक्‍ता स्‍मार्ट मीटर को अपनाएं और बिजली बिल में बचत की शुरुआत करें

0
32

भोपाल : 10 अप्रैल/ मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र भोपाल, नर्मदापुरम, ग्‍वालियर एवं चंबल संभाग के 16 जिलों के बिजली उपभोक्ताओं को आधुनिक और पारदर्शी बिजली सेवाओं से जोड़ने के लिए “स्मार्ट मीटरिंग” अभियान को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। कंपनी ने न केवल तकनीक में सुधार किया है, बल्कि उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ पहुँचाने के लिए ‘टाइम ऑफ डे’ (ToD) टैरिफ के तहत सोलर ऑवर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक 20 प्रतिशत की छूट भी प्रदान की जा रही है। यह छूट इस अवधि के दौरान उपभोग की गई ऊर्जा के लिए ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर पर 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड / अनुबंध मांग वाले उपभोक्‍ताओं को प्रदान की जा रही है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने बताया है कि कंपनी कार्यक्षेत्र में उपभोक्‍ता परिसरों में स्मार्ट मीटर की स्थापना का कार्य तीव्रता से जारी है। भोपाल जिले में अब तक 4 लाख 84 हजार से अधिक परिसरों में स्मार्ट मीटर सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। इसी प्रकार पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र के 16 जिलों यथा अशोकनगर, बैतूल, भिण्‍ड, भोपाल, ग्‍वालियर, दतिया, गुना, हरदा, मुरैना, नर्मदापुरम, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, श्‍योपुर, शिवपुरी एवं विदिशा जिले में अब तक 9 लाख 18 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। आरडीएसएस (RDSS) योजना के तहत पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र में 26 लाख 79 हजार से अधिक स्‍मार्ट मीटर स्‍थापित किये जाने है और आगामी महीनों में स्‍मार्ट मीटर स्‍थापना के कार्य में और तेजी लाई जाएगी।

कंपनी की अपील: बनें स्मार्ट उपभोक्ता

मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे स्मार्ट मीटर स्थापना के लिए आने वाली तकनीकी टीम का सहयोग करें। स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिलिंग संबंधी शिकायतों और गलत रीडिंग की समस्या पूरी तरह से खत्‍म हो गई है। स्मार्ट मीटर न केवल सटीक रीडिंग सुनिश्चित करते हैं, बल्कि उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ने वाले बोझ को भी कम करते हैं। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच बिजली खपत पर ऊर्जा प्रभार (Energy Charge) में 20 प्रतिशत की सीधी छूट दी जा रही है। इससे वाशिंग मशीन, इंडक्‍शन चूल्‍हा या अन्य भारी उपकरणों का उपयोग दिन में करना अब काफी किफायती हो रहा है। उपभोक्ता कंपनी के मोबाइल ऐप उपाय (UPAY) के माध्यम से अपनी प्रतिदिन की बिजली खपत को ट्रैक कर सकते हैं, जिससे अनावश्यक उपयोग पर नियंत्रण संभव है। स्‍मार्ट मीटर के संबंध में किसी भी जानकारी अथवा समस्‍या के निराकरण हेतु कॉल सेन्‍टर 1912 अथवा नोडल अधिकारी श्री कैलाश कुमार चौधरी, प्रबंधक(स्‍मार्ट मीटरिंग सेल) से ईमेल आईडी Smartmeteringcellbhopal@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।