जम्मू कश्मीरः डोडा जिले को सड़कों के लिए 600 करोड़ आवंटित, भाजपा विधायक ने जताया आभार

0
10

डोडा, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। डोडा पश्चिम से भाजपा विधायक शक्ति राज परिहार ने जम्मू और कश्मीर (केंद्र शासित प्रदेश) में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण के पहले बैच के तहत 4,200 करोड़ रुपए आवंटित करने के लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।

भाजपा विधायक शक्ति राज परिहार ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “मेरा मानना ​​है कि डोडा, रामबन और किश्तवाड़ के लोगों को सबसे बड़ी समस्या रोड कनेक्टिविटी की है। अभी भी बहुत से गांव हैं, जो सड़क से जुड़े नहीं हैं। जम्मू-कश्मीर को पीएमजीएसवाई के तहत 4,200 करोड़ जारी हुए हैं। इसमें 600 करोड़ रुपए डोडा जिले को आवंटित हुए हैं। इसलिए मैं केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का आभार व्यक्त करता हूं।

डोडा जिले में कुछ सड़कों का काम शुरू हो गया है, कुछ के लिए वन विभाग से अनापत्ति मिलनी बाकी है। पीएमजीएसवाई के बैच 2 में जिले के लिए 46 प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं। बाकी जो बचेगा, उसे बैच 3 में पूरा किया जाएगा। हमारी कोशिश है कि सभी गांवों तक सड़कें बनाई जाएं। इसके लिए केंद्र सरकार की मदद से लगातार काम होगा।

इसके पहले 20 दिसंबर 2025 को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत डोडा जिले के अस्सर ब्लॉक स्थित हिरनी गांव में आजादी के बाद पहली बार सड़क निर्माण शुरू हुआ था, जिसका भाजपा विधायक शक्तिराज परिहार ने शिलान्यास किया था। यह सड़क करीब 15 किलोमीटर लंबी है और 73 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जा रही है।

बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा गरीबी उन्मूलन रणनीति के तहत मुख्य धारा से कटे क्षेत्रों को जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) शुरू की गई थी। केंद्र सरकार उच्च एवं समरूप तकनीकी तथा प्रबंधन मानक स्थापित करने और राज्य स्तर पर नीति निर्धारण व आयोजना सुगम बनाने का प्रयास कर रही है ताकि ग्रामीण सड़कक तंत्र का सतत प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।