गुरजपनीत बने आईपीएल करियर की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले 17वें गेंदबाज, जानें लिस्ट में कौन?

0
5

चेन्नई, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने करियर की पहली गेंद पर विकेट हासिल करने वाले 17वें खिलाड़ी बन गए हैं। 6 फुट 3 इंच लंबे इस गेंदबाज ने शनिवार को आईपीएल 2026 के 18वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के कप्तान अक्षर पटेल को अपना शिकार बनाया।

27 वर्षीय गुरजपनीत सिंह को चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने दिल्ली कैपिटल्स की पारी के 7वें ओवर में गेंद थमाई। उन्होंने अपने आईपीएल करियर की पहली ही गेंद पर अक्षर पटेल को सरफराज खान के हाथों कैच आउट कराया।

सरफराज खान ने बैकवर्ड प्वाइंट पर हवा में उछलकर शानदार कैच लपका, जिसके बाद गेंद को हाथ में लेकर लंबी दौड़ लगा दी। उस समय सीएसके के खेमे में शानदार जश्न का माहौल देखने को मिला। इसी के साथ गुरजपनीत सिंह आईपीएल करियर की पहली गेंद पर विकेट हासिल करने वाले 17वें खिलाड़ी बने।

गुरजपनीत सिंह से पहले आईपीएल करियर की पहली गेंद पर सफलता प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में इशांत शर्मा (2008), विल्किन मोटा (2008), एस विद्युत (2008), रवि तेजा (2008), शेन हारवुड (2009), अमित सिंह (2009), चार्ल लैंगवेल्ट (2009), केविन पीटरसन (2009), अली मुर्तजा (2010), टीपी सुधींद्र (2012), एडम गिलक्रिस्ट (2013), हनुमा विहारी (2013), अल्जारी जोसेफ (2019), डेवाल्ड ब्रेविस (2022), मथीशा पथिराना (2022) और अश्विनी कुमार (2025) शामिल हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2025 के लिए गुरजपनीत सिंह पर 2.2 करोड़ रुपए खर्च किए थे, लेकिन चोट के कारण वह उस सीजन खेल नहीं सके। आईपीएल 2026 के लिए सीएसके ने इस गेंदबाज को रिटेन किया। इंडिया-ए के लिए खेलने के बाद उन्होंने आईपीएल 2026 में मैदान पर वापसी की है।

गुरजपनीत सिंह फर्स्ट क्लास करियर में 9 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 22.06 की औसत के साथ 33 विकेट हासिल किए, जबकि 9 लिस्ट-ए मुकाबलों में उन्होंने 20.41 की औसत से 17 विकेट निकाले हैं। 16 टी20 मुकाबलों में इस गेंदबाज ने 24.38 की औसत के साथ 22 विकेट अपने नाम किए हैं।

शनिवार को जारी इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट खोकर 212 रन बनाए। इस पारी में संजू सैमसन ने 56 गेंदों में 115 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि आयुष म्हात्रे 36 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ 59 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से एकमात्र विकेट अक्षर पटेल ने निकाला।