नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को छतरपुर में आत्मनिर्भर नारी सम्मेलन में सम्मिलित होकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर अपने विचार साझा किए।
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि आजादी के दशकों बाद यह वह ऐतिहासिक क्षण है, जब देश ने नारी शक्ति को केवल सम्मान देने की बात नहीं की, बल्कि उसे निर्णय और नेतृत्व के केंद्र में स्थान देने का संकल्प लिया है। यह अधिनियम महिलाओं को केवल प्रतिनिधित्व नहीं, बल्कि नीति निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण तक निर्णायक भूमिका देता है।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की करोड़ों माताओं और बहनों के सम्मान, अधिकार और आत्मविश्वास का सशक्त उद्घोष है। यह केवल एक कानून नहीं, बल्कि ‘नारी तू नारायणी’ के भाव को साकार करने का राष्ट्रीय संकल्प है। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए देश की हर महिला की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आभार।
इस अवसर पर सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक करतार सिंह तंवर, जिलाध्यक्ष रविंद्र सोलंकी, एकल हरि संस्था की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मधु गुप्ता, फोर्टिस वसंत कुंज की निदेशक डॉ. प्रियंका खरबंदा, प्रसिद्ध लेखिका सुरभि सहित सम्मानित अतिथियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
इससे पहले सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि शराब की बिक्री से जुड़े सरकारी उपक्रमों के पिछले 5 साल के वित्तीय रिकॉर्ड का क्रॉस-वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिए गए हैं। हाल ही में सामने आया है कि कुछ जगहों पर लंबे समय तक खातों का ठीक से मिलान नहीं हुआ, जिससे गड़बड़ी और सरकारी खजाने को संभावित नुकसान की स्थिति बनी।
उन्होंने कहा कि इसे सुधारने के लिए अब खातों की सख्त निगरानी होगी, हर रिकॉर्ड का ठीक से मिलान किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया में वेरिफिकेशन और वैलिडेशन सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच में यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या राजस्व को नुकसान पहुंचाने की बात सामने आती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित संस्थाओं और आबकारी विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस पूरी प्रक्रिया की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आदेश जारी होने की तारीख से 2 महीने के भीतर वित्त विभाग को अनिवार्य रूप से सौंपें।

