Monday, June 15, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth एनएचएम चंडीगढ़ में मेडिकल जॉब का मौका: 6 पदों पर वॉक-इन इंटरव्यू...

एनएचएम चंडीगढ़ में मेडिकल जॉब का मौका: 6 पदों पर वॉक-इन इंटरव्यू 13 अप्रैल को

0
16

चंडीगढ़, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), चंडीगढ़ ने गायनोलॉजिस्ट सहित विभिन्न 6 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इस पद के लिए 13 अप्रैल को वॉक-इन इंटरव्यू होना निर्धारित है। मेडिकल क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले जो लोग सरकारी नौकरी करने की इच्छा रखते हैं, उनके लिए एक सुनहरा मौका है।

नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम चंडीगढ़) ने जिन 6 पदों पर भर्ती निकाली हैं, उनमें एनएचएम के अंतर्गत गायनोलॉजिस्ट (स्त्री रोग विशेषज्ञ) के 5 और प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (पीएमएबीएचआईएम) के अंतर्गत आईपीएचएल के लिए माइक्रोबायोलॉजिस्ट (सूक्ष्मजीवविज्ञानी) का 1 पद शामिल है।

एनएचएम की ओर से जारी पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन वाक-इन-इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 85,000 से 1,00,000 रुपए के बीच प्रति महीने होगी। वहीं, उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 62 साल निर्धारित की गई है।

वाक-इन-इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार एमडी/डीएनबी के साथ एमबीबीएस की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास राज्य चिकित्सा परिषद या भारतीय चिकित्सा परिषद में पंजीकरण और अन्य निर्धारित पात्रता का होना अनिवार्य है।

वॉक-इन इंटरव्यू का आयोजन 13 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे ‘मिशन निदेशक का कार्यालय, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, चौथी मंजिल, प्रशासनिक भवन, सरकारी बहुविशेषता अस्पताल, सेक्टर-16, चंडीगढ़’ में किया जाएगा। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स और आवेदन फॉर्म की हार्ड कॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

एप्लीकेशन फॉर्म डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनएचएम चंडीगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए रजिस्ट्रेशन फॉर्म लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद आवेदन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर एप्लीकेशन में मांगी गई सभी जानकारी, फोटो और सिग्नेचर को दर्ज करें और इंटरव्यू के लिए याद से साथ ले जाएं।