मुंबई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर पीएम मोदी की सिलीगुड़ी में हुई चुनावी सभा के बाद से भाजपा ने दावा किया कि 4 मई को बंगाल में सरकार बनाने जा रहे हैं। भाजपा के दावे पर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने तंज कसा और कहा कि भाजपा भले ही कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन बंगाल में भाजपा की सरकार नहीं आएगी।
मुंबई में कांग्रेस नेता ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगा रही है, लेकिन इससे बंगाल की जनता प्रभावित नहीं होने वाली है। आरोप पूरी तरह गलत है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय भाजपा कुछ भी आरोप लगाती रहती है। बंगाल में भाजपा को अपनी सरकार लानी है। एसआईआर के जरिए लोगों से वोट देने का अधिकार छीना गया। चुनाव आयोग उनके इशारे पर काम करता है, लेकिन फिर भी बंगाल में भाजपा की सरकार नहीं बनेगी।
दलवई ने प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आशा पूरे देश और पूरी दुनिया में एक ब्रांड नाम थीं। हिंदी सिनेमा उनकी वजह से चलता था। उन्होंने हजारों गाने गाए और लगभग हर गाना हिट हो जाता था। आने वाली कई पीढ़ियां उनके गाने गुनगुनाती रहेंगी।
उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर और आशा भोसले दोनों ने देश के सिनेमा क्षेत्र को बहुत बड़ा योगदान दिया है। उनके गाने पूरे विश्व में गाए जाते हैं, यहां तक कि जहां हिंदी नहीं समझी जाती, वहां भी लोग उनके गाने सुनते और गाते हैं।
दलवई ने कहा कि यह बहुत दुखद खबर है। हम उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति मिले।
एलपीजी गैस की कमी को लेकर हुसैन दलवई ने केंद्र सरकार पर तंज कसा।
उन्होंने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि पूरे देश में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन हकीकत इसके ठीक उलट है।
दलवई ने कहा कि जहां भी जाओ, लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं। चार-चार दिन में भी गैस नहीं मिल रही। लोग होटलों में खाना खाने को मजबूर हैं। कैमरा लेकर कहीं भी जाओ, लाइनें दिख जाएंगी। सरकार झूठ बोल रही है। समस्याएं हैं, लेकिन झूठ नहीं बोलना चाहिए।

