मुंबई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकप्रिय गायिका आशा भोसले के निधन पर देश -विदेश की तमाम हस्तियों ने शोक जताया है। इसी कड़ी में फिल्म निर्माता-निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने भी आशा ताई के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। पोस्ट में रामगोपाल वर्मा ने बताया कि वह सिर्फ एक सिंगर नहीं बल्कि पूरे जमाने की धड़कन थीं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आशा भोसले को याद करते हुए राम गोपाल वर्मा ने उन्हें अपनी ऑल टाइम फेवरेट सिंगर बताया और कहा कि उनकी आवाज में एक अनोखी धुन और एनर्जी थी।
उन्होंने लिखा, “आज मेरी ऑल टाइम फेवरेट सिंगर आशा जी के गुजर जाने पर मैं आहत हूं और उन्हें याद कर रहा हूं।”
उन्होंने लिखा, “आशा जी सिर्फ एक सिंगर नहीं थीं, बल्कि पूरे एक जमाने की धड़कन थीं। उनकी आवाज पीढ़ियों से नदी की तरह बहती रही। उन्होंने क्लासिकल जड़ों को मॉडर्न बीट्स से जोड़ा और संवेदनशीलता से लेकर गहरी भावनाओं तक इंसानी दिल के पूरे स्पेक्ट्रम को अपनी आवाज में समेट लिया।”
उन्होंने फिल्म ‘रंगीला’ का खास जिक्र करते हुए कहा कि भले ही संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया था, लेकिन आशा जी की आवाज ने उसमें अमर आत्मा और तूफानी एनर्जी भर दी। ‘हो जा रंगीला’ सिर्फ एक गाना नहीं था, बल्कि एक तूफान था, जिसने पूरे बॉलीवुड को हिला दिया था। उर्मिला मातोंडकर की इलेक्ट्रिफाइंग डांस मूव्स, आशा जी की चंचल और शरारती आवाज के साथ मिलकर एक ऐसा सिनेमैटिक मैजिक रचा गया, जिसने फिल्म संगीत की भावना को नई परिभाषा दी।”
राम गोपाल वर्मा ने बताया कि आशा जी स्टूडियो में रानी की तरह आती थीं, फिर भी रहमान जैसे नए संगीतकार के साथ काम करते समय वह नई चीजें सीखने के लिए बच्चों जैसी जिज्ञासा रखती थीं। एक छोटा सा एडजस्टमेंट और गाना जादू की तरह तैयार हो जाता था। उन्होंने अपनी फिल्म कंपनी के गाने “खल्लास” का भी जिक्र किया। आशा जी की कमांडिंग और फायर एनर्जी से भरपूर आवाज के साथ यह गाना आज भी अपनी अनोखी एनर्जी से धड़कता है।
उन्होंने कहा, “आशा जी, आप भले ही कहीं और चली गई हों, लेकिन आपका संगीत हमेशा हमारे बीच रहेगा।”

