नोएडा में धरना-प्रदर्शन के बीच पुलिस अलर्ट, सोसायटी की मेड ने भी पैसे बढ़ाने की मांग को लेकर किया हंगामा

0
6

नोएडा, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा को चल रहे धरना-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा शहर में सुदृढ़ पुलिस व्यवस्थापन किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

प्रशासन के अनुसार, विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। जानकारी के मुताबिक, क्लियो काउंटी, गढ़ी चौखंडी, सेक्टर-121 और सेक्टर-70 जैसे क्षेत्रों में जो घटनाएं सामने आई हैं, वे मूल रूप से एक ही स्थान से जुड़ी हुई हैं। यहां घरेलू सहायिकाओं (मेड) द्वारा अपने काम के पारिश्रमिक में वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था।

हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा है और कहीं से भी हिंसा या अराजकता की कोई सूचना नहीं है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह से स्थापित है। एहतियात के तौर पर विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती जारी रखी गई है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या गलत सूचना के चलते माहौल खराब न हो।

कमिश्नरेट की ओर से आम जनता से विशेष अपील भी की गई है। लोगों से कहा गया है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के कोई भी जानकारी सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से साझा न करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो लोग जानबूझकर अफवाह फैलाने या अराजकता फैलाने का प्रयास करेंगे, उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही, नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि वे संयम और धैर्य बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

–आईएएनएस

पीकेटी/एएस