आईपीआर में अप्रेंटिस के 50 पदों पर भर्ती, 11 मई तक करें आवेदन

0
6

गांधीनगर, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के प्रतिष्ठित संस्थान के साथ जुड़कर अपना उज्ज्वल पेशेवर करियर शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। प्लाज्मा अनुसंधान संस्थान (आईपीआर) ने ग्रेजुएट अप्रेंटिस और तकनीशियन अप्रेंटिस के विभिन्न 50 पदों पर भर्ती के लिए वैकेंसी निकाली है।

आईपीआर ने अप्रेंटिसशिप के जिन 50 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें ग्रेजुएट (डिग्री) वालों के लिए 32 और तकनीशियन (डिप्लोमा) वालों के लिए 18 पद शामिल हैं। वहीं, शाखा/अनुशासन के अनुसार कंप्यूटर इंजीनियरिंग के 7, सिविल इंजीनियरिंग के 7, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 10, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार के 7, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 10, इंस्ट्रुमेंटेशन एवं नियंत्रण इंजीनियरिंग के 4 और सामान्य स्ट्रीम (बीकॉम/बीए/बीबीए) के 5 पद शामिल हैं।

आईपीआर की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।अप्लाई करने की अंतिम तिथि 11 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद के अनुसार बीटेक या बीई की डिग्री कंप्यूटर/सिविल/इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार/मैकेनिकल/इंस्ट्रुमेंटेशन एवं नियंत्रण इंजीनियरिंग में या वाणिज्य/कला/व्यवसाय प्रशासन में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। वहीं, डिप्लोमा अप्रेंटिसशिप के कैंडिडेट्स के पास कंप्यूटर/सिविल/इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार/मैकेनिकल/इंस्ट्रुमेंटेशन एवं नियंत्रण इंजीनियरिंग में डिप्लोमा होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और कौशल का होना भी अनिवार्य है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को पद अनुसार प्रतिमाह 12,000 से 13,500 रुपए स्टाइपेंड के रूप में दिए जाएंगे।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले खुद को बोर्ड ऑफ अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग (बीओएटी) के पोर्टल पर पंजीकृत करें। इसके लिए कैंडिडेट्स को एनएटीएस की आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। एनएटीएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद एप्लीकेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।