प्रधानमंत्री मोदी का बिहार से हमेशा विशेष लगाव रहा: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

0
5

पटना, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हमेशा से ही बिहार से विशेष लगाव रहा है। अब तक प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास के लिए जितने भी कार्य किए हैं, वो वाकई में तारीफ के काबिल हैं।

उन्होंने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज मैं आनंदित हूं कि सम्राट चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास के कार्य करेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि वो आगामी दिनों में प्रदेश के विकास के लिए कई तरह के कदम उठाने जा रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि हम बिहार के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे। बिहार हमेशा से ही हमारे लिए प्राथमिकता की सूची में शीर्ष पर रहा है और आगे भी रहेगा। हम लोग जब तक बिहार को देश का सबसे अग्रणी राज्य नहीं बना लेते हैं, तब तक हम चैन की सांस नहीं लेने वाले हैं। आगामी दिनों में बिहार में विकास की गंगा बहेगी। बिहार के विकास के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम बिहार में विकास के कार्य के अलावा अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सपने को भी पूरा करेंगे। हम श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को पूरा करेंगे। हम उनके सपनों को पूरा करने की दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि हम आगामी दिनों में बिहार में विकास से संबंधित ऐसे काम करेंगे, जो कि पूरी दुनिया में एक तरह की मिसाल स्थापित करेगी। इससे अन्य लोग भी प्रेरित होंगे। हम बिहार में विकास कार्यों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मैं एक बार फिर से सम्राट चौधरी को बधाई देता हूं। उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली है। मुझे पूरा विश्वास है कि आगामी दिनों में प्रदेश में विकास के कई काम होंगे।