नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि एनडीए के घटक दलों ने बिहार में सीएम पद के लिए सम्राट चौधरी का चयन किया है। इसके लिए उन्हें बहुत-बहुत बधाई।
उन्होंने मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास तेज गति से होगा। इसके इतर, सम्राट चौधरी भाजपा से बिहार के पहले सीएम होंगे। उनके नेतृत्व में बिहार में तेज गति से विकास के कार्य होंगे।
इसके अलावा, उन्होंने आईपैक को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी आखिर यह खुलासा क्यों नहीं करती हैं कि उनका आईपैक से क्या संबंध है? आईपैक कोई कंपनी है या एजेंसी या उनकी कोई फ्रंट कंपनी है? इस बारे में खुलकर ममता बनर्जी को अपनी बात रखनी चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि आखिर ममता बनर्जी सामने आकर यह क्यों नहीं बताती हैं कि उनका आईपैक से क्या संबंध है? हम सभी को पता है कि जब आईपैक के ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी, तो ममता बनर्जी वहां जाकर फाइलें लेकर आई थीं और ये फाइलें किसी और की नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल सरकार से जुड़ी थीं। ऐसी स्थिति में अब यह सवाल भी सामने आता है कि पश्चिम बंगाल सरकार से जुड़ी फाइलें आईपैक के दफ्तर में क्या कर रही हैं?
साथ ही, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हमेशा से ही यह कोशिश रही है कि देशभर में सड़कों का नेटवर्क सुदृढ़ रहे। दिल्ली देहरादून हाईवे का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने आज किया है। अब दिल्ली से देहरादून महज ढाई घंटे में पहुंचा जा सकेगा। यह देश की तरक्की के लिए अद्भुत काम हो रहा है।
वहीं, उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से दुर्गापुर की रैली में की गई टिप्पणी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने दुर्गापुर की रैली में स्पष्ट किया कि हमारी सरकार पश्चिम बंगाल में आएगी। इसके बाद हम यूसीसी को लागू करेंगे। यह अफसोस की बात है कि वहां पर लोग शरिया की बात कर रहे हैं। ऐसे लोगों को यह समझना चाहिए कि देश में एक संविधान होना चाहिए। आज डॉ अंबेडकर की जयंती भी है। ऐसी स्थिति में आज संविधान पर बात होनी चाहिए।
साथ ही, उन्होंने नोएडा हिंसा पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के बाद उनके वेतन में वृद्धि करने का फैसला किया गया। लेकिन, हमें इस बात की भी जांच करनी चाहिए कि इस हिंसा के पीछे कौन लोग थे? इन सबकी जांच होनी चाहिए। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस हिंसा के पीछे कौन लोग शामिल थे?
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अब यह सरकार की विफलता का नतीजा है या विपक्ष की साजिश है। यह जांच का विषय है। एक बार जांच हो जाए, तो सबकुछ दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। लेकिन, मौजूदा स्थिति को देखकर यह साफ जाहिर हो रहा है कि जरूर इसके पीछे कोई राजनीतिक साजिश है।
वहीं, उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस ना ही नौ में है और ना तेहर में। पिछली बार भी पश्चिम बंगाल में कांग्रेस का सिर्फ एक ही विधायक जीता था। इसके बाद वो विधायक भी टीएमसी में शामिल हो गया था। ऐसी स्थिति में कांग्रेस के लिए पश्चिम बंगाल में किसी भी सूरत में स्थिति सकारात्मक होने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही है कि उनके लिए राज्य में स्थिति सकारात्मक हो। लेकिन, मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि वहां पर अब कांग्रेस के लिए बिल्कुल भी उम्मीद नहीं है। पश्चिम बंगाल में जनता ने भाजपा को लाने का पूरा मन बना लिया है।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता ने कर्नाटक की राजनीति में चल रही उथल-पुथल पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया के बीच में खींचतान चल रही है। वहां पर नेता आपस में बंट गए हैं। इसके इतर, वहां पर केंद्रीय नेतृत्व भी पूरी तरह से बिखर चुकी है। इसी वजह से प्रदेश में इस तरह की स्थिति पैदा हो चुकी है।

