बीजिंग, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। छठा चीन अंतर्राष्ट्रीय उपभोक्ता वस्तु एक्सपो (सीआईसीपीई) इस हफ्ते सोमवार से शनिवार तक दक्षिण चीन के हाईनान प्रांत में आयोजित किया जा रहा है। यह एक्सपो “15वीं पंचवर्षीय योजना” (2026–2030) के पहले वर्ष की पहली बड़ी प्रदर्शनी है। साथ ही, यह हाईनान मुक्त व्यापार बंदरगाह के पूर्ण-द्वीप संचालन के बाद आयोजित पहला बड़ा कार्यक्रम भी है।
इस वर्ष एक्सपो का कुल प्रदर्शनी क्षेत्र पिछले साल की तुलना में 13 हजार वर्ग मीटर अधिक है। अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनों का हिस्सा बढ़कर 65 प्रतिशत हो गया है। 200 से अधिक नए उत्पाद यहां प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जिन्हें उपभोग के उच्च स्तर के खुलेपन का संकेत माना जा रहा है।
इस बार “पहली बार प्रदर्शन” एक्सपो का मुख्य आकर्षण बना हुआ है। 200 से अधिक नए उत्पाद लॉन्च किए जा रहे हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुने हैं। हॉल नंबर 2 के फैशन ट्रेंड जोन में वैश्विक स्तर पर पहली बार प्रदर्शित हीरे और मोती के आभूषण, तथा चीन में पहली बार दिखाए जा रहे सोने के आभूषण शामिल हैं। इन प्रदर्शनों में शिल्प और डिजाइन के माध्यम से चीनी सौंदर्यशास्त्र की झलक साफ दिखाई देती है।
एक्सपो में कई नए उत्पाद खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। सोमवार दोपहर जैसे ही प्रदर्शनी शुरू हुई, कई स्टॉल पर दर्शकों की भीड़ कैमरों के साथ उमड़ पड़ी। प्रमुख आकर्षणों में दुनिया का पहला भूमि-वायु द्वि-प्रणाली वाला उड़ने वाला वाहन और स्मार्ट यात्रा को बढ़ावा देने वाली उन्नत तकनीक से लैस कारों का पहली बार प्रदर्शन शामिल है।
सबसे ज्यादा भीड़ टेक्नोलॉजी उपभोग क्षेत्र में देखी जा रही है, जहां 50 से अधिक वैश्विक उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स और अत्याधुनिक तकनीक कंपनियां अपने नवीनतम एआई उत्पाद पेश कर रही हैं। इनमें एआई चश्मे, एआई आराम कुर्सियां, स्वास्थ्य देखभाल रोबोट, स्मार्ट नेटवर्क वाहन और स्मार्ट होम उत्पाद शामिल हैं। “शहरी स्वास्थ्य बुद्धिमान सेवा केंद्र” सुरक्षा, फिटनेस और सुविधा को एक साथ जोड़ने का उदाहरण पेश करता है।
विदेशी आगंतुकों का कहना है कि चीन का विनिर्माण क्षेत्र दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रों में शामिल है। उनके अनुसार, यहां रोबोट, मोटरसाइकिल और कारों सहित कई उन्नत उत्पाद देखने को मिलते हैं, जो बेहद प्रभावशाली हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

