दार्जिलिंग, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहां के लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
दार्जिलिंग के रहने वाले एक शख्स ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि लॉकडाउन के वक्त अमित शाह ने हम लोगों को काफी सपोर्ट किया। उस वक्त हम 11 लोग यूएई में थे; उनकी ही वजह से ही हम लोग दार्जिलिंग, अपने घर, आ पाए थे। कोविड के दौरान भी उन्होंने हम लोगों को काफी सपोर्ट किया।
एक और शख्स ने कहा कि यहां सड़क और पानी की समस्या है। केंद्र सरकार की ओर से दी गई हर घर नल से जल योजना का काम अभी तक नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से अपील की कि यहां भी विकास के काम कराइए। अमित शाह की जनसभा को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी जनसभा को हम सुनेंगे।
लीना राय ने कहा कि बेरोजगारी दूर होनी चाहिए, एजुकेशन की अच्छी व्यवस्था हो, सड़क बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग में शराब पर रोक लगनी चाहिए। बच्चे काफी शराब पीते हैं। चुनाव के वक्त राज्य सरकार थोड़ा काम करती है। जब जीत जाते हैं तो काम करना बंद कर देते हैं।
रोमा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने वाली है। भाजपा की सरकार बनने से दार्जिलिंग के लिए अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि हर चीज में घोटाला है। भाजपा की सरकार में घोटाला नहीं होगा।
डीबी लिंबू ने कहा कि यहां विकास कार्य नहीं हुआ है। इसलिए हम सरकार बदलना चाहते हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा था कि अगर इस महीने होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती है, तो दार्जिलिंग, कुरसियांग और कालिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों के लिए स्थायी राजनीतिक समाधान निकाला जाएगा और इसके लिए इन इलाकों को राज्य से अलग नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा था कि ‘हम अपने गोरखा भाइयों की मांग का राजनीतिक समाधान करेंगे, लेकिन पहाड़ों को पश्चिम बंगाल से अलग नहीं किया जाएगा। साथ ही पूरे उत्तर बंगाल के विकास पर हमारा सबसे ज्यादा ध्यान रहेगा और हम वहां चार बड़े टाउनशिप बनाएंगे।’

