Sunday, June 21, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय विकसित बिहार का सपना प्रभावी तरीके से साकार होगाः धर्मेंद्र प्रधान

विकसित बिहार का सपना प्रभावी तरीके से साकार होगाः धर्मेंद्र प्रधान

0
20

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सम्राट चौधरी को बधाई दी है। उन्होंने राज्य के उपमुख्यमंत्रियों के रूप में पदभार संभालने पर बिजेंद्र यादव और विजय कुमार सिन्हा को भी शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने अपने संदेश में विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सुशासन, विकास और जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि नई सरकार राज्य में विकास की रफ्तार को तेज करेगी और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने पर विशेष जोर दिया।

साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि समावेशी विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि विकसित बिहार का सपना अब और अधिक प्रभावी तरीके से साकार होगा। नई सरकार की नीतियां बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाएंगी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार का विकास देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में राज्य सरकार की जनहितकारी और समावेशी नीतियां न केवल बिहार को आगे बढ़ाएंगी, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी अहम योगदान देंगी।

बता दें कि लगभग दो दशक तक बिहार के मुख्यमंत्री का पद संभालने वाले नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने बीते शुक्रवार को दिल्ली में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। नई दिल्ली में राज्यसभा के सभापति व उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ दिलाई थी।

नीतीश कुमार के इस शपथग्रहण के बाद अब बिहार की सियासत में भी एक ऐतिहासिक बदलाव की शुरुआत हुई। दरअसल बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य विधान परिषद के सदस्य थे, लेकिन राज्यसभा के लिए निर्वाचन के बाद उन्होंने 30 मार्च को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। नीतीश कुमार बीते मार्च महीने में संसद के उच्च सदन के लिए बिहार से निर्वाचित हुए थे। वह लगभग दो दशक तक बिहार में सत्ता के केंद्र में रहे।

इसके अलावा, वह जनता दल यूनाइटेड के मुखिया भी हैं। राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के साथ ही नीतीश कुमार ने 10 अप्रैल से अपनी नई राजनीतिक पारी शुरू की है। नीतीश ने दिल्ली से लौटने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। नीतीश कुमार द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के उपरांत सम्राट चौधरी के नेतृत्व राज्य की नई सरकार का गठन किया गया।