नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को नई दिल्ली में ब्रिक्स स्वास्थ्य कार्य समूह (एचडब्ल्यूजी) की पहली बैठक 2026 की मेजबानी की। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल हुए।
2026 के लिए भारत का मार्गदर्शक विषय ‘लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ रहेगा। यह विषय जन-केंद्रित और भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण को दिखाता है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य कार्य समूह सहयोग, आपसी सीख और साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण के माध्यम से अनुकूलनीय और लचीली स्वास्थ्य प्रणालियों के निर्माण पर ध्यान केंद्रित करेगा। उन्होंने ब्रिक्स देशों के बीच स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग की सराहना की और कहा कि पिछले वर्षों में इस मंच ने संक्रामक व गैर-संक्रामक रोगों, स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत करने और किफायती दवाओं तक पहुंच सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
भारत ने अपनी अध्यक्षता के दौरान दो नए प्राथमिकता वाले क्षेत्र, स्वस्थ जीवन शैली और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा, प्रस्तुत किए हैं। स्वस्थ जीवन शैली मिशन के तहत अस्वस्थ खान-पान, शारीरिक निष्क्रियता, तंबाकू और शराब के हानिकारक उपयोग जैसे जोखिम कारकों पर फोकस रहेगा। वहीं, मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम में सेवाओं को मजबूत करना, कलंक को दूर करना और इसे व्यापक स्वास्थ्य ढांचे में शामिल करना शामिल है।
चल रही प्राथमिकताएं जैसे टीबी अनुसंधान नेटवर्क और साक्ष्य-आधारित पारंपरिक चिकित्सा भी भारत की अध्यक्षता के तहत जारी रहेंगी। बैठक में कुल नौ प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर चर्चा हुई, जिनमें ब्रिक्स चिकित्सा उत्पाद नियामक सहयोग, संक्रामक रोगों के लिए एकीकृत प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, डिजिटल स्वास्थ्य वास्तुकला, पारंपरिक चिकित्सा (टीसीआईएम), स्वास्थ्य के सामाजिक निर्धारक और राष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों का नेटवर्क शामिल हैं।
सदस्य देशों ने भारत के नेतृत्व और प्रस्तावित विषय का स्वागत किया। उन्होंने स्वस्थ जीवन शैली, मानसिक स्वास्थ्य, टीबी सहयोग, डिजिटल स्वास्थ्य और दवाओं-टीकों के स्थानीय उत्पादन पर जोर दिया। सभी देशों ने सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज और न्यायसंगत पहुंच सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक के समापन पर प्राथमिकता वाले डिलिवरेबल्स और आगे की तकनीकी व मंत्री-स्तरीय बैठकों के लिए रोडमैप पर आम सहमति बनी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ब्रिक्स स्वास्थ्य एजेंडे को आगे बढ़ाने और वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा में भारत की मजबूत प्रतिबद्धता को दोहराया।

